टॉप न्यूज़

मां शायर देवी धाम में भोजपुरी कलाकारों ने की देवी गीतों की शूटिंग, उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

प्रसिद्ध मां शायर देवी धाम की भव्यता और धार्मिक आस्था को भोजपुरी देवी गीतों के माध्यम से देशभर में पहुंचाने की पहल

बलराम शर्मा 

मेराल। आगामी नवरात्रि पर्व को लेकर प्रसिद्ध मां शायर देवी धाम एक बार फिर धार्मिक आस्था के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों का केंद्र बना। शुक्रवार को भोजपुरी संगीत जगत के चर्चित कलाकार धनंजय लाल यादव अपनी पूरी तकनीकी टीम एवं सह-कलाकारों के साथ मां शायर देवी धाम पहुंचे, जहां उन्होंने माता रानी के दरबार में देवी गीतों और पारंपरिक देवी पचरा गीतों की शूटिंग की। शूटिंग के दौरान धाम परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो उठा।
शूटिंग से पूर्व कलाकारों एवं टीम के सदस्यों ने मां शायर देवी के दरबार में विधिवत माथा टेककर आशीर्वाद लिया। इसके बाद धाम परिसर की प्राकृतिक एवं धार्मिक सुंदरता को पृष्ठभूमि में रखते हुए देवी गीतों के विभिन्न दृश्यों का फिल्मांकन किया गया। जैसे-जैसे गीतों की स्वर लहरियां गूंजने लगीं, आसपास का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।

मां शायर देवी धाम की प्रसिद्धि को मिलेगा नया आयाम


गढ़वा जिले के मेराल प्रखंड मुख्यालय में स्थित मां शायर देवी धाम क्षेत्र के प्रमुख आस्था केंद्रों में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। यहां दूर-दराज से श्रद्धालु माता रानी के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। नवरात्रि के दौरान धाम में विशेष धार्मिक आयोजन होते हैं और श्रद्धालुओं की संख्या भी काफी बढ़ जाती है।


भोजपुरी कलाकारों द्वारा इसी प्रसिद्ध धाम परिसर में देवी गीतों की शूटिंग किए जाने से स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। कलाकारों को करीब से देखने और शूटिंग का हिस्सा बनने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण, श्रद्धालु तथा देवी धाम संचालन समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य परिसर में जुटे रहे।

धनंजय लाल यादव के पारंपरिक देवी गीतों को भोजपुरी संगीत प्रेमियों के बीच काफी पसंद किया जाता है। मां शायर देवी धाम की धार्मिक पृष्ठभूमि और भव्यता के बीच फिल्माए गए ये देवी गीत आगामी नवरात्रि के अवसर पर डिजिटल माध्यमों एवं यूट्यूब पर रिलीज किए जाने की तैयारी है।

देशभर में पहुंचेगी धाम की पहचान


देवी धाम संचालन समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि मां शायर देवी धाम में भोजपुरी देवी गीतों की शूटिंग होना क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। इन गीतों के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रसारित होने से मां शायर देवी धाम की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान गढ़वा जिले से निकलकर देश के विभिन्न राज्यों तक पहुंचने की उम्मीद है। इससे धाम के प्रति श्रद्धालुओं और धार्मिक पर्यटन से जुड़े लोगों का आकर्षण भी बढ़ेगा।

भव्य स्वागत से अभिभूत हुए कलाकार


धनंजय लाल यादव एवं उनकी टीम के देवी धाम पहुंचने पर देवी धाम संचालन समिति के पदाधिकारियों एवं श्रद्धालुओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया। मंदिर के पुजारी बैगा महावीर सिंह ने कलाकारों को तिलक लगाकर एवं चुनरी ओढ़ाकर विधिवत स्वागत किया। इस दौरान कलाकारों एवं टीम के सदस्यों ने श्रद्धालुओं से आत्मीय संवाद भी किया।


स्वागत करने वालों में देवी धाम संचालन समिति के मुख्य संरक्षक प्रेमचंद प्रसाद, अध्यक्ष विजय प्रसाद, संजय भगत, मुखिया पति मुन्ना राम, विनोद प्रसाद उर्फ लाला जी, कृष्ण प्रसाद कुशवाहा, मनोज जायसवाल, रुपू महतो, बलराम कृष्ण शर्मा, मोतीचंद प्रसाद, विनोद कुशवाहा, रविंद्र प्रसाद वर्मा, नवीन कुमार जायसवाल, प्रमोद महाजन, धनंजय चौधरी, अरविंद सिंह, तालो सोनी, नाथुन राम, देवेंद्र शर्मा, राजेंद्र गुप्ता एवं देवी शरण सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!