ढाई साल की सेवा के बाद विष्णु कांत को मेराल थाना में दी गई विदाई, रवि कुमार केशरी का हुआ स्वागत

निवर्तमान थाना प्रभारी ने कहा- जनता के सहयोग और विश्वास को हमेशा रखूंगा याद
मेराल। थाना में ढाई साल सेवा देने वाले निवर्तमान थाना प्रभारी विष्णु कांत के मेराल आगमन पर समारोह पूर्वक विदाई दी गई। थाना प्रभारी रवि कुमार केसरी की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में पुलिस पदाधिकारियों, कर्मियों एवं गणमान्य लोगों द्वारा विष्णु कांत को भावपूर्ण विदाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर पुलिस अवर निरीक्षक अरविंद कुमार साव, एसआई रवि कुमार, दीपक कुमार पासवान, एएसआई प्रेम प्रकाश पांडेय, अखिलेश्वर तिवारी, रविंद्र कुमार पासवान, अखिलेश्वर सिंह, जितेंद्र रवि, रकीबुल अंसारी, सुमेर तिवारी, जयराम पांडेय, जितेंद्र कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने पुष्पगुच्छ, फूलमाला, अंगवस्त्र तथा उपहार देकर विदाई दी। कार्यक्रम का संचालन संजय भगत ने किया। विदाई समारोह को संबोधित करते हुए विष्णु कांत ने कहा कि सरकारी सेवा में स्थानांतरण और पदस्थापना एक सामान्य प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि मेराल थाना में करीब ढाई वर्षों के कार्यकाल के दौरान क्षेत्र के लोगों से उन्हें भरपूर सहयोग, स्नेह और विश्वास मिला। लोगों के सहयोग से ही थाना क्षेत्र में शांति एवं सामाजिक सद्भाव बनाए रखने में सफलता मिली। उन्होंने कहा कि मेराल में कार्य करने के दौरान पुलिस और आम लोगों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का लगातार प्रयास किया गया। क्षेत्र के लोगों से मिले स्नेह और सम्मान को वे हमेशा याद रखेंगे। उन्होंने नवनियुक्त थाना प्रभारी रवि कुमार केशरी से भी आम लोगों का विश्वास कायम रखते हुए बेहतर समन्वय के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने का आग्रह किया।नवनियुक्त थाना प्रभारी रवि कुमार केशरी ने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता होगी। इसके साथ ही आम लोगों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर पुलिस और जनता के बीच विश्वास को और मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने थाना के सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों से सहयोग की अपेक्षा जताई। इस अवसर पर जिप सदस्य संजय कुमार सिंह, मुखिया अजीज अंसारी, अतहर अली अंसारी, रामाशीष कुशवाहा, मोहम्मद खालिद, विनोद द्विवेदी, अनिल तिवारी, सुदेश्वर चौधरी, कमलेश चौधरी, मोहम्मद नसीमुद्दीन सहित थाना परिवार के पुलिस पदाधिकारी, कर्मी एवं अन्य लोग उपस्थित थे।




