टॉप न्यूज़

रमना में नींव खुदाई के दौरान जमीन से मिली जंग लगी प्राचीन तिजोरी, मचा कौतूहल

प्राचीन शिवालय के समीप आवासीय भवन की नींव खुदाई के दौरान निकली तिजोरी, देखने के लिए उमड़ी लोगों की भीड़; पुलिस ने कब्जे में लेकर शुरू की विधिक जांच

गढ़वा। जिले के रमना बाजार स्थित प्राचीन शिवालय के समीप शुक्रवार को उस समय लोगों में कौतूहल फैल गया, जब एक आवासीय भवन की नींव की खुदाई के दौरान जमीन के भीतर से एक पुरानी और जंग लगी लोहे की तिजोरी बरामद हुई। जमीन के अंदर तिजोरी मिलने की खबर कुछ ही देर में आसपास के क्षेत्रों में फैल गई, जिसके बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, निर्माण कार्य के लिए जेसीबी से नींव की खुदाई की जा रही थी। इसी दौरान मशीन का बकेट जमीन के भीतर किसी भारी लोहे की वस्तु से टकराया। इसके बाद मिट्टी हटाने पर वहां पुरानी लोहे की तिजोरी दिखाई दी। जेसीबी के झटके से तिजोरी का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त भी हुआ है।

प्राचीन शिवालय के समीप जमीन के भीतर से तिजोरी मिलने के बाद स्थानीय लोगों और बुद्धिजीवियों के बीच इसके संभावित ऐतिहासिक महत्व को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कुछ लोग इसे पुरानी धरोहर से जोड़कर देख रहे हैं, जबकि तिजोरी वास्तव में कितनी पुरानी है और इसका संबंध किसी ऐतिहासिक घटना या व्यक्ति से है या नहीं, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है।

सबसे बड़ा सवाल यह बना हुआ है कि तिजोरी के भीतर आखिर क्या है? फिलहाल इसके अंदर रखी वस्तुओं के संबंध में कोई जानकारी सामने नहीं आई है। प्रशासन द्वारा नियमानुसार तिजोरी खोले जाने के बाद ही इसकी वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए रमना थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तिजोरी को अपने कब्जे में ले लिया है। थाना प्रभारी आकाश कुमार ने बताया कि सुरक्षा के दृष्टिकोण से तिजोरी को पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है और मामले में विधिक प्रक्रिया के तहत जांच की जा रही है।

वहीं अंचल पदाधिकारी विकास पांडेय ने बताया कि तिजोरी पुलिस अभिरक्षा में सुरक्षित रखी गई है। इसे जल्द ही दंडाधिकारी की मौजूदगी में नियमानुसार खोला जाएगा। इसके बाद ही तिजोरी की उम्र, स्थिति और उसके भीतर मौजूद सामग्री के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।

फिलहाल जमीन के भीतर से निकली इस रहस्यमयी तिजोरी ने रमना बाजार में कौतूहल बढ़ा दिया है और लोगों की निगाहें अब प्रशासन द्वारा तिजोरी खोले जाने की कार्रवाई पर टिकी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!