टॉप न्यूज़

मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन से झामुमो में शोक, गम में डूबा गढ़वा

झामुमो के सभी राजनीतिक, सार्वजनिक और संगठनात्मक कार्यक्रम स्थगित

6-7 सितंबर को झारखंड में राजकीय शोक, प्रदेशभर में शोक की लहर

गढ़वा। झारखंड सरकार के मंत्री एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन से झामुमो परिवार में शोक की लहर है। उनके निधन की खबर से पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मर्माहत हैं। दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि देने के लिए रविवार को पूर्व मंत्री सह झामुमो केंद्रीय महासचिव मिथिलेश कुमार ठाकुर के कल्याणपुर स्थित आवास पर शोकसभा आयोजित की गई। अपराह्न तीन बजे आयोजित शोकसभा में झामुमो गढ़वा जिला कमिटी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने दिवंगत नेता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा। इस दौरान माहौल पूरी तरह गमगीन रहा। शोकसभा को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू का आकस्मिक निधन झामुमो संगठन और झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है। जनसेवा, संगठन के प्रति उनकी निष्ठा और सक्रिय भूमिका को हमेशा याद किया जाएगा। नेताओं ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने तथा शोकाकुल परिजनों को इस कठिन घड़ी में धैर्य और संबल देने की प्रार्थना की।

झामुमो नेताओं ने बताया कि सुदिव्य कुमार सोनू के निधन के मद्देनजर गढ़वा जिला सहित पूरे राज्य में पार्टी के आगामी राजनीतिक, सार्वजनिक एवं संगठनात्मक कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं। उनकी स्मृति में विभिन्न स्थानों पर शोकसभाएं आयोजित की जा रही हैं।

उल्लेखनीय है कि झारखंड सरकार ने 6 और 7 सितंबर 2026 को दो दिनों के राजकीय शोक की घोषणा की है। शोकसभा में जिलाध्यक्ष शम्भू राम, जिला सचिव शरीफ अंसारी, जिला परिषद अध्यक्ष शांति देवी, केंद्रीय सदस्य जवाहर पासवान, मनोज ठाकुर, जिला कोषाध्यक्ष चंदन जायसवाल, केंद्रीय सदस्य तनवीर आलम, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष संजय सिंह छोटू, उपाध्यक्ष संजय कांस्‍याकार, गढ़वा प्रखंड अध्यक्ष फुजेल अहमद, नगर परिषद अध्यक्ष आशीष अग्रवाल, प्रियम सिंह, अनिल भारती, आनंद कुमार पांडेय, दिलीप गुप्ता, मिन्हाज खान, चंदन पासवान, दीनदयाल पासवान सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!