राजद नेता ने जान-माल की सुरक्षा और मेराल थाना प्रभारी के जिले से बाहर स्थानांतरण का किया मांग

पुलिस ने आरोपों को बताया बेबुनियाद
बलराम शर्मा
मेराल। राष्ट्रीय जनता दल के गढ़वा जिला कार्यकारी अध्यक्ष एवं मेराल दक्षिणी क्षेत्र के जिला परिषद सदस्य रोशन प्रवीण के पिता करीब अंसारी ने अपनी एवं परिवार की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने जिले के वरीय अधिकारियों को प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से मामले से अवगत कराते हुए सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा मेराल थाना प्रभारी विष्णुकांत का गढ़वा जिले से बाहर स्थानांतरण करने की मांग की है। करीब अंसारी का कहना है कि पिछले कुछ महीनों से कुछ संदिग्ध लोगों द्वारा उनका पीछा किए जाने का उन्हें आभास हो रहा है। इससे परिवार के बीच भय का माहौल है। उन्होंने आशंका जताई कि उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाने तथा जान-माल को नुकसान पहुंचाने की साजिश की जा सकती है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि थाना प्रभारी की ओर से उनकी मोबाइल लोकेशन पर निगरानी रखे जाने और राजनीतिक रूप से लक्षित किए जाने की जानकारी उन्हें मिली है। अंसारी ने कहा कि थाना प्रभारी से उनका कोई व्यक्तिगत विवाद नहीं है, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों के कारण वे स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा है कि भय के इस माहौल में राजनीतिक तथा व्यक्तिगत कार्य भी घर से बाहर निकल कर नहीं कर पा रहा हूं। इस स्थिति में सुरक्षा उपलब्ध कराए जाने से परिवार में भय का माहौल काम होगा। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, परिवार को सुरक्षा देने और थाना प्रभारी के स्थानांतरण की मांग की है।
पुलिस ने आरोपों को नकारा
वहीं, थाना प्रभारी विष्णुकांत ने इन आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि करीब अंसारी मेराल थाना पर हुए हमले के मुख्य साजिशकर्ताओं में शामिल रहे हैं। थाना प्रभारी ने यह भी कहा कि अंसारी द्वारा मामलों की गलत तरीके से पैरवी करने तथा पुलिस द्वारा पकड़ी गई मोटरसाइकिल छोड़ने के लिए दबाव बनाया जाता है।पुलिस और अंसारी के परस्पर विरोधी दावों के बीच अब प्रशासन द्वारा मामले की निष्पक्ष जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

