गढ़वा पुलिस की बड़ी कामयाबी: 48 घंटे में चोरी गया ट्रैक्टर बिहार से बरामद, 3 शातिर चोर गिरफ्तार

ताराचंडी मंदिर पार्किंग से मिली चोरी की महिंद्रा ट्रैक्टर, निशानदेही पर 3 चोरी की बाइक और मोबाइल भी बरामद
बलराम शर्मा
गढ़वा। जिले में वाहन चोरों के हौसले पर गढ़वा पुलिस ने करारा प्रहार किया है। पुलिस ने बेलचम्पा रोड से चोरी गए ट्रैक्टर को बिहार के रोहतास जिले से बरामद करते हुए अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के 3 सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गढ़वा के नेतृत्व में बनी विशेष छापामारी दल ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर यह सफलता हासिल की है।
क्या थी घटना…
दिनांक 2 सितंबर की रात करीब 01.00 बजे बेलचम्पा रोड किनारे खड़ी महिन्द्रा ट्रैक्टर संख्या JH14K6114 को अज्ञात चोरों ने चोरी कर लिया था। इस संबंध में गढ़वा थाना में कांड संख्या-569/26, धारा-303(2) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया था।
कैसे हुई बरामदगी….
कांड दर्ज होते ही पुलिस अधीक्षक गढ़वा के आदेश पर SDPO गढ़वा के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने रोहतास पुलिस अधीक्षक एवं थाना प्रभारी दरिगांव के सहयोग से चोरी गई ट्रैक्टर को सासाराम स्थित प्रसिद्ध ताराचंडी मंदिर के पार्किंग से बरामद किया।
मौके से रोहतास, बिहार निवासी रोहित कुमार (27 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। रोहित से कड़ाई से पूछताछ में उसने अपने दो अन्य साथियों के नाम उजागर किए। उसके बयान के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर अटौला, मेराल निवासी सचिन चौधरी (20 वर्ष) और महेश चौधरी (26 वर्ष) को भी गिरफ्तार कर लिया। एक अन्य अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
निशानदेही पर 3 बाइक भी बरामद
गिरफ्तार अपराधियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की अन्य 03 मोटरसाइकिल भी बरामद की है। पुलिस का कहना है कि अनुसंधान के क्रम में चोरी के अन्य कांडों के खुलासे की भी संभावना है।
बरामद सामान: महिन्द्रा ट्रैक्टर JH14K6114, बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, बिना नंबर प्लेट की सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, बिना नंबर प्लेट की अपाची मोटरसाइकिल, एक एंड्रॉयड मोबाइल
गिरफ्तार अभियुक्त: रोहित कुमार, पे० कृष्णा नटराज, सा० पचारवा, थाना मुफस्सील सासाराम, जिला रोहतास (बिहार), सचिन चौधरी, पे० गणेश चौधरी, सा० अटौला, थाना मेराल, जिला गढ़वा, महेश चौधरी, पे० सुमेर चौधरी, सा० अटौला, थाना मेराल, जिला गढ़वा।
छापामारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गढ़वा
दिलू लोहार, पु०नि० सह थाना प्रभारी गढ़वा सुनील कुमार तिवारी, थाना प्रभारी मेराल विष्णुकांत सहित गढ़वा थाना के पु०अ०नि० आदित्य कुमार नायक, अविनाश राज, सत्येन्द्र कुमार भट्ट, स०अ०नि० अभिमन्यु सिंह, विनय कुमार पाण्डेय, रघुवंश महतो और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

