मासिक अपराध गोष्ठी में एसपी ने दिए सख्त निर्देश, स्वतंत्रता दिवस को लेकर बढ़ाई जाएगी सुरक्षा

लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन, अपराधियों पर निगरानी, नशाखोरी व सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने पर जोर
गढ़वा (जनहित न्यूज लाइव)। आगामी स्वतंत्रता दिवस-2026 के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने, अपराध नियंत्रण एवं लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष शेखर (भा.पु.से.) ने की। इस दौरान जिले के सभी थाना एवं ओपी क्षेत्रों में विधि-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, अनुसंधान की प्रगति और सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई।

एसपी ने सभी थाना एवं ओपी प्रभारियों को स्वतंत्रता दिवस को लेकर विशेष सतर्कता बरतने तथा किसी भी संभावित असामाजिक गतिविधि पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया। थाना स्तर पर सभी पंजियों को अद्यतन रखने, चोरी की घटनाओं की रोकथाम के लिए निगरानी बढ़ाने तथा सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया। चिनिया एवं नगर उंटारी थाना क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया।

उन्होंने केस डायरी में घटनाओं का स्पष्ट एवं तथ्यात्मक उल्लेख करने, न्यायिक हिरासत से हाल में बाहर आए अपराधियों पर कड़ी नजर रखने तथा गुमशुदा व्यक्तियों से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। मालखाना प्रदर्श एवं NDPS से संबंधित वस्तुओं का नियमानुसार निष्पादन कराने तथा सीमावर्ती थाना क्षेत्रों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर पशु तस्करी पर रोक लगाने का निर्देश दिया।
गोष्ठी में नशाखोरी, बाल विवाह, डायन-बिसाही, सड़क सुरक्षा सहित अन्य सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ थाना स्तर पर व्यापक जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया। पुलिस पदाधिकारियों को सार्वजनिक स्थलों और शैक्षणिक संस्थानों में जाकर आम लोगों एवं विद्यार्थियों को जागरूक करने का निर्देश दिया गया।
एसपी ने नियमित रूप से दोपहिया व चारपहिया वाहनों की सघन जांच कर MV Act के तहत कार्रवाई करने, ब्लैक स्पॉट चिह्नित कर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा SC/ST मामलों में मुआवजा संबंधी प्रस्ताव समय पर भेजने को कहा। साथ ही कैदियों के फिंगरप्रिंट की प्रविष्टि अनिवार्य रूप से कराने का निर्देश दिया।
विगत माह के कांडों की समीक्षा करते हुए अनुसंधान में तेजी लाने, SC/ST एवं पॉक्सो एक्ट के मामलों का निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन करने तथा नक्सल कांडों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। पेट्रोलिंग पार्टी की गतिविधियों पर QR कोड के माध्यम से प्रभावी निगरानी रखने का भी निर्देश दिया गया।
इसके अलावा पोस्टमार्टम रिपोर्ट, पासपोर्ट एवं चरित्र सत्यापन समय पर पूरा करने, वारंट-कुर्की का निष्पादन तथा ड्रंक ड्राइविंग, चोरी, लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट, साइबर अपराध, NDPS, CCA एवं IT Act से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। अनुसंधानकर्ताओं को E-साक्ष्य पोर्टल पर कांडों की प्रविष्टि अनिवार्य रूप से करने को कहा गया।
अंत में एसपी ने सभी थाना एवं ओपी प्रभारियों को अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन तथा आमजनों की शिकायतों के शीघ्र समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रभावी, संवेदनशील और जवाबदेह पुलिसिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

