टॉप न्यूज़

सुप्रसिद्ध मूर्तिकार एवं समाजसेवी श्री राम कुँवर बौद्ध का निधन, मेराल में शोक की लहर

अपनी कला के माध्यम से मेराल सहित गढ़वा जिले का नाम दूर-दूर तक सम्मान के साथ स्थापित किया

मेराल (जनहित न्यूज़)। मेराल पश्चिमी पंचायत के छःआना टोला स्थित अकड़ी टोला निवासी, सुप्रसिद्ध मूर्तिकार एवं समाजसेवी श्री राम कुँवर बौद्ध का ब्रेन हेमरेज के कारण बीती रात्रि रांची के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन की खबर फैलते ही मेराल सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। कला, सामाजिक एवं बौद्ध समाज से जुड़े लोगों ने इसे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया।

83 वर्षीय श्री राम कुँवर बौद्ध ने युवावस्था से ही अपनी अद्भुत कला और सृजनशीलता के बल पर मूर्तिकला के क्षेत्र में विशिष्ट पहचान बनाई थी। उनकी बनाई गई प्रतिमाएं उनकी उत्कृष्ट शिल्पकला, मेहनत और रचनात्मकता की जीवंत मिसाल मानी जाती हैं। उन्होंने अपनी कला के माध्यम से मेराल सहित गढ़वा जिले का नाम दूर-दूर तक सम्मान के साथ स्थापित किया।

वे केवल एक कुशल मूर्तिकार ही नहीं, बल्कि समाज के प्रति समर्पित व्यक्तित्व भी थे। पिछले लगभग दो दशकों से उन्होंने बौद्ध धर्म के सिद्धांतों को अपनाकर समाज में समता, शिक्षा, भाईचारे और सामाजिक जागरूकता का संदेश देने का कार्य किया। उनके विचार और सामाजिक योगदान से अनेक लोग प्रेरित हुए।

उनके निधन पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों, कलाकारों तथा आम नागरिकों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!