गढ़वा सदर एसडीओ मयंक भूषण के पुत्र ज्ञानेंद्र गर्व ने NEET UG में हासिल की शानदार सफलता, AIR 676 प्राप्त

पहली बार आयोजित नीट परीक्षा में 715 अंक हुआ था प्राप्त : ज्ञानेंद्र
बलराम शर्मा
गढ़वा। गढ़वा सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) मयंक भूषण के पुत्र ज्ञानेंद्र गर्व ने NEET UG 2026 परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया रैंक (AIR) 676 हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ गढ़वा जिले में भी खुशी का माहौल है। ज्ञानेंद्र रांची के श्यामली स्कूल के छात्र रहे हैं।
ज्ञानेंद्र ने बताया कि पहली बार आयोजित नीट परीक्षा में उन्हें 715 अंक प्राप्त हुए थे, लेकिन परीक्षा में अनियमितताओं और पेपर लीक के कारण वह परीक्षा रद्द कर दी गई। परीक्षा रद्द होने से वह काफी निराश हो गए थे। हालांकि, उनके पिता एसडीओ मयंक भूषण, शिक्षिका मां और दोस्तों ने लगातार उनका हौसला बढ़ाया और दोबारा पूरी लगन से तैयारी करने के लिए प्रेरित किया।
इसके बाद दोबारा आयोजित परीक्षा में ज्ञानेंद्र ने 665 अंक हासिल करते हुए ऑल इंडिया रैंक 676 प्राप्त की। उन्होंने कहा कि पहली परीक्षा रद्द होने के बाद मानसिक रूप से काफी दबाव था, लेकिन परिवार और मित्रों के सहयोग से उन्होंने खुद को संभाला और पूरी मेहनत के साथ दोबारा परीक्षा की तैयारी की।

ज्ञानेंद्र ने कहा, “मेरा लक्ष्य एक कुशल और संवेदनशील डॉक्टर बनकर समाज और जरूरतमंद लोगों की सेवा करना है।”
बेटे की इस सफलता पर एसडीओ मयंक भूषण ने खुशी जाहिर करते हुए सबसे पहले उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया और मिठाई खिलाकर बधाई दी। उन्होंने कहा, “हर पिता का सपना होता है कि उसका बेटा जीवन में आगे बढ़े और सफलता हासिल करे। आज ज्ञानेंद्र की इस उपलब्धि ने पूरे परिवार को गौरवान्वित किया है।”
ज्ञानेंद्र की इस सफलता पर जिले के प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों, मित्रों और शुभचिंतकों ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।




