कौशल विकास से युवा बन रहे आत्मनिर्भर : जिप अध्यक्ष शांति देवी

विश्व युवा कौशल दिवस पर जन शिक्षण संस्थान गढ़वा ने सफल प्रशिक्षार्थियों को किया सम्मानित
बलराम शर्मा
गढ़वा। कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर जन शिक्षण संस्थान (जेएसएस), गढ़वा द्वारा सफल प्रशिक्षार्थियों के सम्मान एवं प्रमाण-पत्र वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती शांति देवी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में संस्थान की प्रबंध समिति की उपाध्यक्ष श्रीमती संगीता गोयल एवं सदस्य मथुरा राम उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद संस्थान के निदेशक प्रशांत कुमार मिश्रा ने पुष्पगुच्छ भेंट कर अतिथियों का स्वागत किया, जबकि प्रशिक्षणार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया।

अपने संबोधन में निदेशक प्रशांत कुमार मिश्रा ने युवाओं के जीवन में कौशल विकास के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि व्यावसायिक प्रशिक्षण युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इस अवसर पर अंबा खोरिया प्रशिक्षण केंद्र एवं कांडी प्रखंड के कुशवाहा प्रशिक्षण केंद्र की छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का संचालन संस्थान की प्रशिक्षणार्थी दीपांजलि कुमारी एवं नुजहत नाज ने प्रभावी ढंग से किया। मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों ने विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

मुख्य अतिथि शांति देवी ने कहा कि जन शिक्षण संस्थान द्वारा संचालित कौशल विकास कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं और युवतियों को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने का सराहनीय कार्य कर रहे हैं। उन्होंने संस्थान के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।
समारोह के दौरान प्रशिक्षणार्थियों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर प्रशिक्षकों एवं प्रशिक्षणार्थियों के कार्य की सराहना की।
अंत में कार्यक्रम पदाधिकारी राकेश कुमार पाठक ने सभी अतिथियों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम की सफलता में सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी बरखा कुमारी एवं चंदन कुमार पाल, सोशल मोबिलाइज़र रूपेश कुमार, राहुल सिंह, मिथिलेश सिंह, आलोक कुमार सहित जन शिक्षण संस्थान गढ़वा के सभी प्रशिक्षकों एवं प्रशिक्षणार्थियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। समारोह में गढ़वा, धुरकी, कांडी, नावाडीह, डुमरों, मेराल सहित विभिन्न प्रशिक्षण केंद्रों से बड़ी संख्या में प्रशिक्षार्थी एवं अतिथि उपस्थित रहे।



