स्वस्थ जीवन के लिए संतुलित आहार और नियमित व्यायाम जरूरी : डॉ. कुलदेव चौधरी

झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय, बरडीहा में 200 छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण
गढ़वा । सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मझिआंव के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. गोविंद प्रसाद सेठ के निर्देश पर झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय, बरडीहा में शुक्रवार को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मेडिकल टीम ने विद्यालय की 200 छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया तथा जांच के बाद आवश्यक दवाइयों का वितरण किया। इस दौरान नेत्र सहायक द्वारा छात्राओं की आंखों की भी जांच की गई।

चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. कुलदेव चौधरी ने बताया कि जांच के दौरान अधिकांश छात्राएं सर्दी-खांसी, बुखार, सिरदर्द, कान दर्द, खुजली, चर्म रोग, पेट दर्द, उल्टी एवं दस्त जैसी सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित पाई गईं। उन्होंने छात्राओं को संतुलित एवं पौष्टिक भोजन, नियमित व्यायाम तथा व्यक्तिगत स्वच्छता अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहना जीवन और शिक्षा दोनों के लिए आवश्यक है। स्वच्छ वातावरण और साफ-सफाई से कई बीमारियों की रोकथाम संभव है।
डॉ. चौधरी ने जन्मजात हृदय रोग (सीएचडी) के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए बताया कि यदि किसी बच्चे को सांस फूलना, सांस लेने में कठिनाई, बार-बार निमोनिया या छाती में संक्रमण होना, वजन नहीं बढ़ना, अत्यधिक कमजोरी, होंठ, नाखून या त्वचा का नीला पड़ना, दूध पीते समय जल्दी थक जाना अथवा दिल की असामान्य धड़कन जैसी समस्या हो, या जांच में जन्मजात हृदय रोग की पुष्टि हो, तो ऐसे बच्चों की 17, 18 एवं 19 जुलाई को निःशुल्क जांच एवं ऑपरेशन की व्यवस्था की गई है। अधिक जानकारी के लिए डॉ. कुलदेव चौधरी से मोबाइल नंबर 9955441987 पर संपर्क किया जा सकता है।

शिविर में चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. कुलदेव चौधरी, डॉ. दीपनारायण यादव, नेत्र सहायक सरोज कुमारी, एमटीएस दिलीप गुप्ता, लैब टेक्नीशियन मो. कैफ अंसारी तथा फार्मासिस्ट संजर अंसारी ने अपनी सेवाएं दीं। इस अवसर पर विद्यालय की वार्डन सह शिक्षिका कंचन कुमारी, शिक्षिका सरिता कुमारी, बबीता कुमारी, अंशु विश्वकर्मा सहित अन्य शिक्षिकाएं एवं छात्राएं उपस्थित थीं।


