नम आंखों से इकलौते इंजीनियर बेटे को मुखाग्नि देने को मजबूर हुए पिता, करकोमा में पसरा मातम

बलराम शर्मा
मेराल। यह दृश्य इतना मार्मिक था कि जिसने भी देखा, उसकी आंखें नम हो गईं। मेराल थाना क्षेत्र के करकोमा गांव निवासी जयप्रकाश तिवारी ने सोमवार को अपने इकलौते पुत्र, युवा इंजीनियर आयुष तिवारी को भारी मन और नम आंखों से मुखाग्नि दी। बेटे की असमय मौत ने पूरे परिवार को गहरे शोक में डुबो दिया है, जबकि गांव में भी मातम का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, रविवार को आयुष तिवारी अपने तीन-चार दोस्तों के साथ लातेहार जिले के सुग्गाबांध फॉल घूमने गए थे। प्राकृतिक सौंदर्य के बीच दोस्तों के साथ फोटो खिंचवाने और खींचने के दौरान उनका पैर अचानक फिसल गया और वे गहरे पानी में जा गिरे। साथियों ने उन्हें बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन उन्हें नहीं बचाया जा सका। इस दर्दनाक हादसे में उनकी असामयिक मृत्यु हो गई।
देर शाम जैसे ही आयुष का पार्थिव शरीर पैतृक गांव करकोमा पहुंचा, पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया। परिजनों की चीख-पुकार और मां-पिता का विलाप देखकर हर किसी की आंखें भर आईं। जिसने भी इस दुखद दृश्य को देखा, वह खुद को भावुक होने से नहीं रोक सका।
सोमवार को स्थानीय यूरिया नदी श्मशान घाट पर पूरे विधि-विधान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। अपने जवान और इकलौते बेटे को मुखाग्नि देते समय पिता जयप्रकाश तिवारी की पीड़ा ने उपस्थित लोगों को भीतर तक झकझोर दिया।
आयुष के असामयिक निधन पर मेराल के विधायक प्रतिनिधि डॉ. लालमोहन सहित क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने गहरा शोक व्यक्त किया और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी। अंतिम यात्रा एवं दाह संस्कार में सेवानिवृत्त शिक्षक उमाशंकर तिवारी, मुखिया वीरेंद्र नाथ तिवारी, नंदलाल तिवारी, जयराम तिवारी, बैकुंठ तिवारी, देवदत्त तिवारी, महेंद्र तिवारी, सत्येंद्र तिवारी, काजू तिवारी, आनंद तिवारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें। इस दुखद घटना पर डॉ लालमोहन ने कहा कि
नदी, झील, झरने या अन्य पर्यटन स्थलों पर भ्रमण के दौरान अत्यधिक सावधानी बरतें। फोटो या वीडियो लेने के उत्साह में जोखिम भरे स्थानों पर न जाएं। आपकी एक छोटी-सी सतर्कता आपके जीवन के साथ-साथ आपके परिवार की खुशियों की भी रक्षा कर सकती है।



