योग से मानसिक व आध्यात्मिक प्रगति संभव : धर्मेंद्र देव
एसजीएन मॉडर्न किंडर गार्टन में मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

मेराल। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बंका रोड स्थित एसजीएन मॉडर्न किंडर गार्टन में शनिवार को योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों को योग के विभिन्न आसनों एवं आध्यात्मिक अभ्यासों का प्रशिक्षण दिया गया।
विद्यालय प्रबंधन द्वारा बच्चों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए औपचारिक शिक्षा के साथ-साथ मानसिक एवं आध्यात्मिक उन्नति के उद्देश्य से पद्मासन, योगासन, ईश्वर प्राणिधान, चक्रशोधन सहित कई प्रकार के योगाभ्यास कराए गए। बच्चों ने उत्साहपूर्वक योग गतिविधियों में भाग लिया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक धर्मेंद्र देव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि आत्मिक एवं मानसिक विकास का सशक्त माध्यम है। कहा कि वर्तमान समय में अनेक लोग बौद्धिक रूप से दक्ष होने के बावजूद नैतिक मूल्यों से भटक रहे हैं, क्योंकि उनके जीवन में योग और आध्यात्मिक साधना का अभाव है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने नियमित योगाभ्यास करने तथा स्वस्थ, जागरूक और संस्कारित समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।



