Uncategorized

‘आपन सरस्वतिया अभियान’ पहुंचा अकलवानी, 18वें दिन छठ घाट पर चला विशेष सफाई अभियान

युवा समाजसेवी अजय विश्वकर्मा और अनूप तिवारी ने लगवाई एक-एक जेसीबी 

बलराम शर्मा 

मेराल। सरस्वतिया नदी के संरक्षण, पुनर्जीवन एवं सौंदर्यीकरण को लेकर चलाया जा रहा जनसहभागिता आधारित ‘आपन सरस्वतिया अभियान’ बुधवार को 18वें दिन मेराल प्रखंड के अकलवानी गांव पहुंचा। अभियान के तहत अकलवानी सूर्य मंदिर स्थित छठ घाट एवं कुंभी सरस्वतिया नदी घाट पर युवा समाजसेवी अजय विश्वकर्मा और अनूप उर्फ छोटू तिवारी द्वारा एक-एक जेसीबी मशीनों के माध्यम से नदी की सफाई, गाद हटाने तथा घाटों के सौंदर्यीकरण का कार्य प्रारंभ करवाया गया।दोनों समाजसेवियों के इस सहयोग की ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने सराहना की।

अभियान का जायजा लेने पहुंचे एसडीओ संजय कुमार पांडे ने कहा कि सरस्वतिया नदी केवल जलधारा नहीं, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक और सामाजिक विरासत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रशासन और जनता के संयुक्त प्रयास से नदी को पुनर्जीवित करने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनसहयोग से चल रहा यह अभियान आने वाले समय में पर्यावरण संरक्षण का एक अनुकरणीय मॉडल बनेगा। सीओ यशवंत नायक ने इस अभियान में सहयोग करने वाले लोगों की तारीफ करते हुए इस अभियान को मुकाम तक पहुंचने का अपील किया।

इस अवसर पर उपस्थित प्रखंड प्रमुख दीपमाला कुमारी ने कहा कि सरस्वतिया नदी का पुनर्जीवन पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। नदी और घाटों की स्वच्छता से न केवल पर्यावरण संतुलन मजबूत होगा, बल्कि धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों को भी नई पहचान मिलेगी। मौके पर अभियान से जुड़े विधायक प्रतिनिधि डॉ. लालमोहन, पूर्व जिप सदस्य संजय भगत, आलोक तिवारी, मनोज जायसवाल सहित कई जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने अभियान को सफल बनाने के लिए अपने संकल्प को दोहराया।

बाद में पहुंचे भाजपा जिलाध्यक्ष उदय कुमार कुशवाहा ने कहा कि वर्षों से उपेक्षित सरस्वतिया नदी को पुनर्जीवित करने के लिए चलाया जा रहा यह अभियान क्षेत्र में नई उम्मीद जगा रहा है। बता दें कि मेराल में लगातार 18 दिनों से चल रहे इस अभियान के परिणाम अब जमीन पर दिखाई देने लगे हैं और लोगों की भागीदारी भी दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!