अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारी को लेकर पतंजलि योग समिति की बैठक
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारी को लेकर पतंजलि योग समिति की बैठक आयोजित

मेराल। आगामी 21 जून को मनाए जाने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल एवं भव्य आयोजन को लेकर रविवार को पतंजलि योग समिति सह भारत स्वाभिमान न्यास की एक विशेष बैठक प्रखंड कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला प्रभारी संतोष कुमार चौबे ने की।
बैठक में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला प्रभारी संतोष कुमार चौबे ने बताया कि 15 जून से सामूहिक योग अभ्यास सत्र प्रारंभ किया जाएगा। साथ ही कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं प्रखंड मुख्यालय में सामूहिक योग शिविर के सफल आयोजन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
विधायक प्रतिनिधि डॉ. लालमोहन ने योग दिवस कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए व्यक्तिगत संपर्क अभियान चलाने पर जोर दिया। उन्होंने योग प्रेमियों से योग सत्र में सफेद वस्त्र पहनकर शामिल होने का आग्रह करते हुए कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।
प्रखंड प्रभारी बलराम शर्मा ने कहा कि प्रखंड मुख्यालय में आयोजित होने वाले सामूहिक योग शिविर में सभी विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी से समन्वय स्थापित किया जाएगा, ताकि कार्यक्रम को व्यापक और प्रभावी बनाया जा सके।
बैठक में सह प्रभारी रविंद्र प्रसाद गुप्ता, योग शिक्षक विकास कुमार गुप्ता एवं धर्मेंद्र मेहता सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने योग दिवस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सक्रिय सहयोग का संकल्प लिया।

