बालू लदे ट्रैक्टर की टक्कर में बाल-बाल बचा बाइक सवार, पुलिस ने ट्रैक्टर व बाइक किया जब्त

घायल युवक राहुल कुमार ट्रैक्टर मालिक राजेंद्र चौधरी का रिश्तेदार है, दुर्घटना में कोई बड़ा क्षति नहीं होने पर दोनों परिवारों ने ली राहत की सांस
मेराल। थाना क्षेत्र के हासनदाग गांव स्थित देवी धाम के समीप गुरुवार को बालू लदे ट्रैक्टर और बाइक की टक्कर में एक युवक बाल-बाल बच गया। दुर्घटना में युवक को मामूली चोटें आईं, जबकि पुलिस ने ट्रैक्टर और बाइक को जब्त कर थाना ले गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करकोमा गांव निवासी राहुल कुमार, पिता गणेश चौधरी, बाइक पर दो बोरी महुआ लेकर जा रहा था। इसी दौरान मोड़ के पास विपरीत दिशा से बालू लादकर आ रहे ट्रैक्टर को साइड देने के क्रम में वह असंतुलित हो गया और ट्रैक्टर की ट्रॉली से टकराकर गिर पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवक ट्रॉली से टकराने के बाद सड़क की ओर गिर गया, जबकि उसकी बाइक ट्रॉली के अंदर चली गई। चालक ने तत्काल ट्रैक्टर रोक दिया, जिससे कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और बाइक भी गंभीर क्षति से बच गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल राहुल कुमार को इलाज के लिए एक निजी क्लीनिक पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार उसे केवल मामूली चोटें आई हैं और उसकी स्थिति सामान्य है।
दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर मेराल थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और ट्रैक्टर तथा बाइक को कब्जे में लेकर थाना ले आई।
स्थानीय लोगों के अनुसार घायल युवक राहुल कुमार ट्रैक्टर मालिक राजेंद्र चौधरी का रिश्तेदार बताया जाता है। दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं होने से दोनों परिवारों ने राहत की सांस ली और क्षेत्र में संतोष का माहौल देखा गया।



