एसडीएम संजय कुमार ने हासनदाग बालू घाट का किया औचक निरीक्षण, दस ट्रैक्टर चालक बालू फेंककर हुए फरार

बालू घाट पर पाई गई अव्यवस्था को गंभीरता से लेते हुए मांगा गया है स्पष्टीकरण
निर्धारित 100 रुपये का चालान कटवाने के बाद ही बालू का करें उठाव : एसडीम
बलराम शर्मा
मेराल। सदर एसडीएम संजय कुमार ने रविवार को हासनदाग बालू घाट का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नदी क्षेत्र में एक दर्जन से अधिक ट्रैक्टर बालू उठाव में लगे मिले। एसडीएम के पहुंचते ही 10 से अधिक ट्रैक्टर चालक नदी में ही बालू गिराकर मौके से फरार हो गए, जबकि तीन ट्रैक्टर चालकों ने पंचायत द्वारा जारी चालान प्रस्तुत किया।
जांच के दौरान आशंका जताई गई कि फरार हुए ट्रैक्टर चालकों के पास वैध चालान नहीं था। निरीक्षण में यह भी सामने आया कि पंचायत की ओर से जारी चालानों एवं बालू उठाव से संबंधित अभिलेखों का समुचित संधारण नहीं किया जा रहा है। यह भी स्पष्ट नहीं हो सका कि किस व्यक्ति के नाम पर चालान जारी किया गया था और बालू का परिवहन कौन कर रहा था।
एसडीएम ने उपस्थित लोगों से पंचायत द्वारा निर्धारित 100 रुपये का चालान कटवाने के बाद ही बालू का उठाव करने का अपील किया। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के लिए बालू आवश्यक है, लेकिन इसका उठाव निर्धारित नियमों और वैधानिक प्रक्रियाओं के अनुरूप ही होना चाहिए।
घाट पर पाई गई अव्यवस्था को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने संबंधित मुखिया से स्पष्टीकरण मांगे जाने की बात कही। निरीक्षण के दौरान कुछ ऐसे ट्रैक्टर भी पाए गए जिन पर पंजीकरण संख्या अंकित नहीं थी। इस पर उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए चेतावनी दिया कि भविष्य में बिना नंबर वाले वाहनों के पकड़े जाने पर भारी जुर्माना एवं अन्य विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य बालू जैसे खनिज संसाधनों का नियमानुसार उपयोग सुनिश्चित कराना है। उन्होंने वाहन चालकों एवं स्थानीय लोगों से नियमों का पालन करने तथा वैध चालान के साथ ही बालू परिवहन करने की अपील किया।
