टॉप न्यूज़

एसडीएम संजय कुमार ने सरस्वतिया नदी के उद्गम स्थल का किया निरीक्षण

आपन सरस्वतिया अभियान’ के तहत नदी पुनरुद्धार की तैयारियां तेज, 29 मई को मेराल में होगी बैठक

बलराम शर्मा 

मेराल। गढ़वा सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने बुधवार को ‘आपन सरस्वतिया अभियान’ के तहत मेराल क्षेत्र स्थित सरस्वतिया नदी के उद्गम स्थल एवं विभिन्न तटीय घाटों का निरीक्षण किया। गढ़वा शहरी क्षेत्र में लगातार तीसरे दिन चल रहे सफाई अभियान के बाद एसडीएम ने मेराल पहुंचकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों के साथ नदी की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान नदी में बढ़ते अतिक्रमण, गाद जमाव तथा प्रदूषण की समस्या पर गंभीर चर्चा की गई। स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य लोगों के साथ विमर्श के बाद निर्णय लिया गया कि गढ़वा शहर की तर्ज पर मेराल क्षेत्र में भी ‘आपन सरस्वतिया अभियान’ के तहत नदी का गहरीकरण, अतिक्रमण हटाने एवं व्यापक साफ-सफाई अभियान चलाया जाएगा।

इस अवसर पर एसडीएम संजय कुमार ने कहा कि सरस्वतिया नदी गढ़वा की पहचान और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी हुई है। इसके संरक्षण एवं पुनर्जीवन के लिए प्रशासन के साथ-साथ आम लोगों की सहभागिता भी बेहद जरूरी है। उन्होंने स्थानीय लोगों से नदी को अतिक्रमण मुक्त रखने और स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।

उन्होंने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए 29 मई को मेराल के प्रबुद्ध नागरिकों, समाजसेवियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें अभियान की रूपरेखा तय कर आगे की कार्ययोजना बनाई जाएगी।

निरीक्षण के दौरान सांसद प्रतिनिधि विजय प्रसाद गुप्ता, बीस सूत्रीय प्रखंड अध्यक्ष शंभू प्रसाद साव, विधायक प्रतिनिधि डॉ. लालमोहन, संजय भगत, अतहर अली, मेराल पूर्वी मुखिया रामसागर महतो, मेराल पश्चिमी मुखिया प्रतिनिधि मुन्ना राम, कृष्ण प्रसाद कुशवाहा सहित दर्जनों स्थानीय लोग मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!