भास्कर कुमार को राजनीति विज्ञान में मिली पीएचडी की उपाधि, लोगों ने दी बधाई

डॉ. भास्कर ने “आधुनिक भारत के निर्माण में सरदार वल्लभ भाई पटेल की भूमिका एक विश्लेषणात्मक अध्ययन” विषय पर सफलतापूर्वक किया शोध
बलराम शर्मा
मेराल । प्रखंड मुख्यालय के चर्चित महावीर मंडली के महंत व भाजपा के आजीवन सदस्य रहे स्वर्गीय रामयाद साह के पौत्र व अशोक कुमार गुप्ता एवं मीना देवी के पुत्र भास्कर कुमार को नीलाम्बर-पीताम्बर विश्वविद्यालय, मेदिनीनगर द्वारा राजनीति विज्ञान में पीएचडी की उपाधि से सम्मानित करने पर घर परिवार में हर्ष का माहौल है। इस अभूतपूर्व अकादमिक और पेशेवर उपलब्धि पर गढ़वा एसएसजेएस नामधारी कॉलेज प्रबंधन, प्रखंड क्षेत्र के गणमान्य लोगों, विश्वविद्यालय के शिक्षकों, उनके परिजनों और मित्रों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए भास्कर को बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामना देने का तांता लगा है। बता दें कि विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. अजीत कुमार सेठ द्वारा 12 मई 2026 को इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना (ज्ञापांक: 307/26) जारी किया गया है।
वर्तमान में भास्कर कुमार नेट जेआरएफ (NET-JRF) क्वालिफाइड हैं और एसएसजेएस नामधारी कॉलेज, गढ़वा में राजनीति विज्ञान के असिस्टेंट प्रोफेसर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। डॉ. भास्कर ने अपना यह महत्वपूर्ण शोध कार्य “आधुनिक भारत के निर्माण में सरदार वल्लभ भाई पटेल की भूमिका एक विश्लेषणात्मक अध्ययन” विषय पर सफलतापूर्वक पूरा किया है। उनके इस शोध के निर्देशक जीएलए कॉलेज, मेदिनीनगर के सहायक प्राध्यापक डॉ० भीम राम थे, जबकि बाह्य परीक्षक के रूप में कोल्हान विश्वविद्यालय, चाईबासा के प्रोफेसर डॉ० राजेंद्र भारती ने शोध का मूल्यांकन किया।



