मां शायर देवी धाम महोत्सव का दूसरा दिन : माता सीता के हरण, वियोग में प्रभु श्रीराम ने किया विलाप तो दर्शकों की आंखों में छलक आए आंसू

महावीर मंडली बाजार टोला के कलाकारों ने सीता हरण का जीवंत नाट्य का किया मंचन
बलराम शर्मा
मेराल। प्रखंड मुख्यालय के प्रसिद्ध मां शायर देवी धाम का छठे वार्षिक महोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। मंदिर प्रांगण में चल रहे सांस्कृतिक कार्यक्रम के दूसरे दिन शुक्रवार की रात्रि में महावीर मंडली बाजार टोला के कलाकारों ने सीता हरण का जीवंत नाट्य मंचन दर्शकों के लिए एक अविस्मरणीय पल रहा। कलाकारों ने अपनी भावुक प्रस्तुति से सभी दर्शकों का मन मोह लिया। इस नाटक में लक्ष्मण रेखा का उल्लंघन करने पर रावण द्वारा साधु के वेश में छल से सीता का हरण करने, रास्ते में जटायु का रावण से युद्ध जैसे दृश्यों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।

वहीं सीता के वियोग में प्रभु श्री राम ने ऐसा विलाप किया की दर्शकों की आंखों में आंसू छलक आए और पूरा पंडाल प्रभु श्री राम की जयकारों से गूंज उठा। नाटक प्रस्तुति नरेंद्र प्रसाद पटवा के निर्देशन में हुआ, जिसमें भास्कर गुप्ता, कृष्ण प्रसाद शौंडिक, रमेश प्रसाद उर्फ सोहराई, रामजी ठाकुर, योगेंद्र प्रसाद पटवा, अजय ठाकुर, रामचंद्र ठाकुर आदि ने शानदार अभिनय कर दर्शकों का खूब मनोरंजन कराया। इस अवसर पर देवी धाम संचालन समिति के मुख्य संरक्षक प्रेमचंद प्रसाद, संजय भगत, अध्यक्ष विजय प्रसाद, विनोद कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में दर्शक शामिल थे।


