टॉप न्यूज़

रांची से दिल्ली जा रहा विमान चतरा में हुआ क्रैश, सात लोगों की मौत

मरीज को लेकर बिरसा मुंडा हवाई अड्डे से उड़ा था रेड बर्ड एयरवेज का विमान

शाम 7.34 बजे रडार से गायब हुआ चतरा के सिमरिया – कसियातु जंगल में हुआ क्रैश

रांची । रांची से सोमवार की शाम दिल्ली जा रहा एक निजी विमान चतरा के सिमरिया में क्रैश हो गया। रेडबर्ड एयरवेज की बीचक्राफ्ट किंग एयर बी90एल मेडिकल चार्टर फ्लाइट में एक मरीज, डॉक्टर, पैरामेडिक, अटेंडेंट और दो पायलट समेत सात लोग सवार थे। उनकी स्थिति के बारे में देर रात तक कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। स्थानीय नागरिकों की सूचना पर चतरा जिले की पुलिस घटनास्थल पर पहुंच कर राहत और बचाव के काम में लग गयी है। कसियातु जंगल में हुआ क्रैश विमान ने रांची के बिरसा मुंडा हवाई अड्डे से शाम 7.11 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी और शाम के 7.34 बजे इसका संपर्क एटीसी से टूट गया। विमान के रांची एटीसी से संपर्क टूटने के कुछ समय बाद चतरा जिला पुलिस को यह सूचना मिली कि सिमरिया के कसियातु, झुमरी बागी में एक विमान गिरा है। इसके बाद पुलिस और प्रशासन की टीम वहां पहुंची। अंधेरा होने और इलाके में मौसम खराब होने के कारण राहत और बचाव कार्यों में बाधा आयी। बताया जा रहा है कि विमान रास्ता भटक गया था। उस समय मौसम भी खराब हो गया था। विमान ने पलामू-गढ़वा की सीमा के पास आसमान में कई चक्कर भी लगाये थे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि सिमरिया के आसमान में विमान को डगमगाते हुए देखा गया, जिसके बाद तेज धमाके के साथ वह जंगल में जा गिरा। विमान गिरने की सूचना मिलने के बाद चतरा से दो अग्निशमन वाहन घटनास्थल पर पहुंचे।

सर्च ऑपरेशन जारी एजेंसियां अलर्ट

जानकारी के अनुसार विमान का एटीसी से संपर्क टूटने के तुरंत बाद विमानन अधिकारियों ने हाई अलर्ट जारी कर दिया। विमान की तलाश के लिए बड़े स्तर पर सर्च और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। रडार डेटा और आखिरी लोकेशन के आधार पर विमान को खोजने की कोशिश की जा रही थी, तभी विमान के क्रैश होने की सूचना मिली।

ये लोग सवार थे आधिकारिक जानकारी के अनुसार विमान के पायलट विवेक विकास भगत थे, जबकि सबराजदीप सिंह उनके सहयोगी थे। विमान में मरीज संजय कुमार के साथ परिजन अर्चना देवी और धूरू कुमार के अलावा डॉक्टर विकास कुमार गुप्ता और पुरुष नर्स सचिन कुमार मिश्रा थे। इन सभी के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है। जानकारी के मुताबिक संजय कुमार बुरी तरह से झुलस गये थे। उनके शरीर का 65 फीसदी हिस्सा जल चुका था। वह 16 फरवरी को देवकमल अस्पताल में भर्ती हुए थे। डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले जाने की सलाह दी

डीजीसीए ने हादसे की पुष्टि की  हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि रांची एयरर्पोर्ट से उड़ान भरने के तुरंत बाद विमान रडार से गायब हो गया। रांची एयरपोर्ट के अधिकारियों के अनुसार फ्लाइट का संपर्क पहले अगले स्टेशन से स्थापित हुआ और फिर नियंत्रण अगले स्टेशन को सौंपा गया। संपर्क के बाद अचानक विमान से संपर्क टूट गया। इसके बाद विमान ने रांची एयरपोर्ट से कोई संपर्क नहीं किया। रांची एयरपोर्ट के सूत्रों ने बताया कि सभी आवश्यक एसओपी (स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर) का पालन किया जा रहा है और खोज तथा निगरानी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!