
खरीदे गए 17 नामांकन पत्रों में 14 प्रत्याशियों ने ही किया नामांकन पत्र दाखिल
गढ़वा । नगर निकाय चुनाव में नामांकन के अंतिम दिन बुधवार को गढ़वा नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए झामुमो, आजसू समर्थित सहित दस प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया। नामांकन के इसी क्रम में जेएमएम समर्थित उम्मीदवार संतोष केशरी, आजसू पार्टी समर्थित दीपक शर्मा, नगर परिषद की पूर्व अध्यक्ष रही अनीता दत, पूर्व उपाध्यक्ष अनिल पांडेय, जितेन्द्र सिन्हा, मासूम रजा, मो याकूब, बसंत लाल, संजय कुमार एवं संध्या सोनी का नाम शामिल है। इस तरह नगर परिषद के अध्यक्ष पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल करनेवाले कुल प्रत्याशियों की संख्या 14 हो गयी है। जबकि नामांकन पत्र खरीदने वाले कंचन साहू और सुरेंद्र विश्वकर्मा ने नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया। अंतिम दिन ज्यादा प्रत्याशियों के नामांकन की वजह से शहर में दिनभर गहमा गहमी रहा। ऐसे तो नामांकन के समय सभी प्रत्याशी सादगी से जिला समाहरणालय पहुंचकर अपना नामांकन किया, परंतु बाहर सभी प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ धूमधाम से नामांकन रैली निकालकर लोगों से आशीर्वाद और समर्थन मांगा। चुनाव प्रचार प्रारंभ होने से पूर्व ही सभी प्रत्याशी अपने पक्ष में लोगों को रिझाने का भरपूर प्रयास करते नजर आ रहे हैं। बता दें कि अध्यक्ष पद के लिए खरीदे गए 17 फार्म में से 14 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल करने से गढ़वा नगर परिषद चुनाव का राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गया है। नामांकन समाप्त होने के बाद अब सभी की नजरें नामांकन पत्रों की जांच, नाम वापसी और चुनाव चिन्ह आवंटन की प्रक्रिया पर टिकी हैं। दिलचस्प चुनावी मुकाबले में अब देखना होगा कि जनता किस प्रत्याशी को नगर परिषद की कमान सौंपती है। इधर मझिआंव नप क्षेत्र से अध्यक्ष पद के लिए अंतिम दिन मात्र एक प्रत्याशी संजय सिंह ने नामांकन पत्र दाखिल किया। यहां से कुल नौ नामांकन पत्र क्रय हुए थे और सभी ने नामांकन दाखिल कर दिया है। जबकि श्री बंशीधर नगर पंचायत से अध्यक्ष पद के लिए अंतिम दिन तक कुल 12 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। इसमें सुधा देवी, किरण देवी, लता देवी, शमीम बानो, विजयलक्ष्मी देवी, रीना देवी, पिंटू देवी, रूबी कुमारी, साधना देवी, रेखा देवी का नाम शामिल है।


