डीसी, एसपी सहित जिले के वरीय अधिकारियों ने सपरिवार सुखलदारी पर्यटन स्थल का किया भ्रमण

डीसी ने पर्यटन विभाग से सुखलदरी जलप्रपात का समग्र विकास के लिए पहल करने का दिया निर्देश
गढ़वा । जिला प्रशासन के वरीय अधिकारियों ने बुधवार को धुरकी प्रखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सुखलदरी जलप्रपात का सपरिवार भ्रमण किया। इस दौरान डीसी दिनेश कुमार यादव एवं एसपी अमन कुमार अपने-अपने परिवार के साथ सुखलदरी जलप्रपात पहुंचे और प्राकृतिक छटाओं के बीच समय बिताया। भ्रमण के दौरान डीसी सहित सभी अधिकारियों ने जलप्रपात परिसर एवं आवागमन मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग एवं साफ-सफाई की स्थिति का निरीक्षण किया। इस क्रम में पर्यटकों की सुरक्षा और सुविधा को लेकर स्थानीय कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिये गये। मौके पर डीसी दिनेश कुमार यादव ने कहा कि सुखलदरी जलप्रपात जिले का प्रमुख पर्यटन स्थल है, जहां हर वर्ष काफी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में यहां आने वाले पर्यटकों को सुरक्षित वातावरण एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने जलप्रपात के समग्र विकास के लिये पर्यटन विभाग से पहल किये जाने की बात भी कही। एसपी अमन कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुये कहा कि जलप्रपात क्षेत्र में पुलिस बल की तैनाती और निगरानी को और अधिक प्रभावी बनाया जायेगा, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके। उन्होंने पर्यटकों से प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने और खतरनाक स्थलों पर न जाने की अपील की। वहीं वन विभाग के अधिकारियों डीएफओ अंशुमान राजहंस एवं एबिन बेनी अब्राहम ने पर्यावरण संरक्षण पर विशेष ध्यान देने की बात कही। उन्होंने कहा कि सुखलदरी जलप्रपात एक प्राकृतिक धरोहर है, जिसे संरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस दौरान पर्यटकों से प्लास्टिक का प्रयोग न करने और प्राकृतिक वातावरण को स्वच्छ बनाए रखने की अपील भी की गई।भ्रमण के उपरांत सभी अधिकारियों एवं उनके परिजनों ने सुखलदरी जलप्रपात परिसर में वनभोज का आनंद लिया। प्राकृतिक वातावरण के बीच कुछ समय व्यतीत करते हुए अधिकारियों ने आपसी संवाद भी किया। मौके पर एसडीओ प्रभाकर मिर्धा, सीओ विमल कुमार सिंह सहित अन्य कई अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।


