रांची से लापता अंश और अंशिका रामगढ़ के चितरपुर में मिले
2 जनवरी को रांची के धुर्वा से लापता बच्चे को किया गया था अगवा

पुलिस ने दो आरोपियों को किया है गिरफ्तार
रांची। रांची पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। धुर्वा से 2 जनवरी से लापता हुए दोनों बच्चे को सकुशल रामगढ़ के चितरपुर से बरामद कर लिया गया है। एसएसपी राकेश रंजन के नेतृत्व में रांची पुलिस की टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पिछले 13 दिनों से लापता हुए दो भाई बहन अंश और अंशिका को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। दोनों बच्चे को रांची पुलिस की विशेष टीम ने रामगढ़ जिले के चितरपुर से बरामद किया है। साथ ही पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार भी किया है। इनका सुराग देने वालों के लिए पुलिस ने चार लाख रुपये इनाम घोषित कर रखा था। इसके लिए पुलिस ने पोस्टर भी जारी किए थे। केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी समेत कई बड़े नेता एवं संगठन भी बच्चों की सकुशल बरामदगी के लिए पुलिस पर दबाव बना रहे थे।

पुलिस ने बच्चों के संबंध में सूचना देने के लिए तीन मोबाइल नंबर भी सार्वजनिक किए थे। इनमें पहला नंबर बच्चों के पिता का, जबकि अन्य दो नंबर हटिया डीएसपी और धुर्वा थाना प्रभारी के थे। पुलिस ने पोस्टर जारी कर वाहनों के जरिए शुरू किया था प्रचार-प्रसार। पुलिस ने अंश और अशिंका की तस्वीरों के साथ पोस्टर भी जारी किया था। यह पोस्टर शहर के कई चौक-चौराहों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर लगाए गए। इसके अलावा पुलिस वाहन पर भी पोस्टर लगाकर प्रचार-प्रसार किया जा रहा था। अधिकारी से लेकर जवान तक अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर बच्चों का पोस्टर लगाकर प्रचार प्रसार कर रहे थे और लोगों से मदद की अपील कर रहे हैं।अपहरण के दिन दो जनवरी को शालीमार बाजार में सैकड़ों वाहन पहुंचे थे। पुलिस ने वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए सभी वाहनों के नंबर निकाले। इसके बाद एक-एक वाहन का विवरण जुटाकर पुलिस संबंधित पते पर जाकर सत्यापन किया।