खरीफ कार्यशाला में मौसम के अनुरूप वैज्ञानिक विधि से खेती करने पर जोर

कार्यशाला में अनुपस्थित सहकारिता एवं पशुपालन पदाधिकारी की अनुपस्थिति पर जताई गई नाराजगी
बैठक में लगातार अनुपस्थित रहने वाले किसान मित्रों को हटाने का दिया गया निर्देश
बलराम शर्मा
मेराल । प्रखंड सभागार में कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के तत्वाधान में एक दिवसीय खरीफ कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसकी शुरुआत प्रखंड प्रमुख दीप माला कुमारी, सीओ सह बीडीओ यशवंत नायक तथा सांसद और विधायक प्रतिनिधि ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। बीटीएम प्रवीण मिश्रा और कृषि विशेषज्ञों द्वारा किसानों को खरीफ फसल की उन्नत खेती, बीज चयन, उर्वरक प्रबंधन, जैविक खेती तथा फसल संरक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। किसानों को मौसम के अनुरूप खेती करने तथा कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त करने के उपाय बताए। साथ ही धान, मक्का, मडुआ सहित दलहन और तेलहन फसलों की वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने के लिए जागरूक किया गया। कार्यशाला में उपस्थित कृषक मित्र, किसान एवं जेएसएलपीएस की महिलाओं को संबोधित करते हुए प्रखंड प्रमुख ने उन्नत कृषि पर जोर दिया,

उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के हित में कई कार्यक्रम चला रही है। मौसम के अनुसार वैज्ञानिक विधि से खेती करने पर पैदावार अधिक होगा जिससे आप सभी की आमदनी बढ़ेगी। प्रमुख ने विधायक प्रतिनिधि डॉ लालमोहन द्वारा सहकारिता एवं पशुपालन पदाधिकारी तथा कई किसान मित्र के अनुपस्थित रहने के सवाल पर नाराजगी व्यक्त करते हुए अगली बैठक में उपस्थित होने का हिदायत किया गया। सीओ श्री नायक ने लोगों को सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं तथा समय-समय पर आयोजित होने वाला कार्यशाला से जानकारी प्राप्त करने तथा अन्य कृषकों को भी जागरूक करने पर जोर दिया। उन्होंने कार्यशाला में अनुपस्थित रहने वाले पशुपालन पदाधिकारी के के सिंह के अन्य कई प्रखंडों में प्रभार होने की जानकारी दी गई साथ ही सहकारिता पदाधिकारी तौहीद आलम को अगली बैठक में उपस्थित रहने की हिदायत तथा बैठक में लगातार अनुपस्थित रहने वाले किसान मित्रों को हटाने की बात कही। विधायक प्रतिनिधि डॉ लालमोहन ने कृषि विभाग को छोड़कर सहकारिता एवं पशुपालन पदाधिकारी के अनुपस्थित रहने पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि जिस विभाग का कार्यशाला है उस विभाग का ही पदाधिकारी अगर नदारत रहे तो ऐसे कार्यशाला का क्या औचित्य है। उन्होंने उपस्थित लोगों से कार्यशाला में बताए गए विधि एवं सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए लोगों को प्रेरित किया। कार्यशाला में सांसद प्रतिनिधि विजय प्रसाद, चंद्रमणि पाठक, प्रधान सहायक रामनाथ पाल, कृषक मित्र चंदेश्वर राम, वीरेंद्र महतो, शिवनाथ महतो, अशोक कुमार महतो, श्रवण कुमार सहित कई किसान मित्र और किसान शामिल थे। संचालन जनसेवक सह एजीएम बसंत पांडे के द्वारा किया गया।



