टॉप न्यूज़

छठ घाटों का निरीक्षण कर उपायुक्त ने सफाई कार्य शीघ्र पूरा कराने का दिया निर्देश

घाटों पर बैरिकेडिंग, रोशनी, पार्किंग और गोताखोरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर

छठ व्रतियों की सुविधा के लिए घाटों तक पहुंचने वाले मार्गों पर दुरुस्त रहेगी यातायात व्यवस्था

गढ़वा। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शनिवार को उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने शहर के दानरो नदी स्थित विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर साफ-सफाई एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को छठ घाटों की व्यवस्था समय पर दुरुस्त करने और सभी आवश्यक तैयारियां शीघ्र पूरी करने का निर्देश दिया।उपायुक्त ने स्टूडेंट्स क्लब, फ्रेंड्स क्लब, जय देवी संघ, टी. ग्रुप, सूर्या क्लब, दीपूवां, सहिजना एवं कल्याणपुर सहित विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गढ़वा नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को घाटों के साथ-साथ वहां तक पहुंचने वाले मार्गों की समुचित साफ-सफाई शीघ्र पूरी कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि छठ व्रतियों, श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने घाटों पर बैरिकेडिंग, पर्याप्त विद्युत प्रकाश, साज-सज्जा एवं पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही सुरक्षा एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं को भी दुरुस्त रखने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में छठ घाटों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने को कहा। उन्होंने सदर अनुमंडल पदाधिकारी एवं संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को छठ घाटों तक आने-जाने वाले मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुचारु रखने का निर्देश दिया, ताकि व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी तरह की कठिनाई न हो।

जलाशयों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उपायुक्त ने संभावित दुर्घटनाओं से बचाव के लिए घाटों पर गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि छठ पूजा नदियों, तालाबों एवं अन्य जलाशयों के किनारे संपन्न होती है। ऐसे में डूबने जैसी अप्रिय घटनाओं से निपटने के लिए पर्याप्त सतर्कता एवं सुरक्षा इंतजाम जरूरी हैं। उपायुक्त ने आमजनों से भी छठ घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों में कूड़ा-कचरा नहीं फैलाने तथा स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन छठ महापर्व को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए हर संभव सहयोग को तत्पर है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए आस्था, श्रद्धा एवं शालीनता के साथ पर्व मनाने की अपील की। निरीक्षण के दौरान नगर परिषद अध्यक्ष आशीष कुमार सोनी, सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार मयंक भूषण, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सुशील कुमार, पुलिस पदाधिकारी, सिटी मैनेजर एवं छठ पूजा समितियों के सदस्य उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!