आंगनबाड़ी केंद्र के नाम परिवर्तन पर सवाल, डीसी से जांच की मांग

मेराल। प्रखंड के लोवादाग स्थित आंगनबाड़ी केंद्र के नाम परिवर्तन में लोवादाग हरिजन टोला को लेकर सवाल उठने लगे हैं। लोवादाग गांव निवासी चंदन राम ने उपायुक्त को आवेदन देकर वर्ष 2013 से 2015 के बीच केंद्र के नाम में हुए बदलाव की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।आवेदन के अनुसार, वर्ष 2013 के दस्तावेज में केंद्र का नाम ‘आंगनबाड़ी केंद्र हरिजन टोला लोवादाग’ दर्ज है, जबकि बाद के प्रमाणपत्रों में नाम बदलकर ‘आंगनबाड़ी केंद्र लोवादाग’ अंकित है। चंदन राम का कहना है कि नाम परिवर्तन से संबंधित सरकारी आदेश या विभागीय स्वीकृति की प्रति उपलब्ध नहीं है। उन्होंने नाम परिवर्तन का आधार स्पष्ट करने, संबंधित अभिलेखों की जांच और अनियमितता पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही केंद्र के आधिकारिक नाम की पुष्टि कर अभिलेखों में सुधार करने का आग्रह किया है।चंदन राम ने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी प्रतिमा कुमारी द्वारा 8 जुलाई को दिए गए आरटीआई आवेदन का जवाब अब तक नहीं मिला, जबकि 20 अगस्त के आवेदन पर मिला जवाब संतोषजनक नहीं है। उन्होंने पूरे मामले में पारदर्शी जांच कर लिखित रूप से कार्रवाई की जानकारी देने की मांग की है।




