टॉप न्यूज़

नारी शक्ति के सम्मान और स्वाभिमान का संकल्प लेकर मनाएं दशहरा : सूरज गुप्ता

मेराल के भुईयां टोली दुर्गा पंडाल में नवकन्या पूजन एवं भंडारे का आयोजन, वक्ताओं ने नारी सम्मान और दुर्गुणों के त्याग का दिया संदेश

बलराम शर्मा

मेराल। विजयादशमी के पावन अवसर पर मंगलवार को मेराल प्रखंड मुख्यालय स्थित भुईयां टोली दुर्गा पूजा पंडाल में नवकन्या पूजन एवं भंडारे का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों के प्रतीक के रूप में कन्याओं का पूजन कर नारी शक्ति के सम्मान का संदेश दिया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और प्रसाद ग्रहण किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा नेता सूरज गुप्ता ने डॉ. अनिल साह, पूजा समिति के अध्यक्ष राजेंद्र साव, मुखिया रामसागर महतो, विजय प्रसाद, विधायक प्रतिनिधि डॉ. लालमोहन, संजय भगत, मुन्ना राम, धनंजय चौधरी, मनोज जायसवाल, विवेक कुमार कालिया, विनोद कुमार कुशवाहा एवं रूपु महतो की उपस्थिति में नवकन्याओं का पूजन, प्रसाद वितरण और फीता काटकर किया।

नारी का सम्मान ही सच्ची देवी आराधना : सूरज गुप्ता

मुख्य अतिथि सूरज गुप्ता ने उपस्थित लोगों को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हम सभी नौ दिनों तक मां दुर्गा को आदिशक्ति के रूप में पूजते हैं, लेकिन वास्तविक जीवन में महिलाओं को वह सम्मान नहीं दे पाते, जिसकी वे हकदार हैं। उन्होंने कहा कि विजयादशमी केवल बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व नहीं, बल्कि अपने जीवन और व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाने का भी अवसर है।

उन्होंने कहा कि आज हम सभी को यह संकल्प लेना चाहिए कि जिस श्रद्धा से नौ दिनों तक मां दुर्गा और नारी शक्ति की आराधना करते हैं, उसी भावना से अपने परिवार और समाज में भी महिलाओं का सम्मान करें। मां, बहन, बेटी और पत्नी के रूप में महिलाओं को उचित आदर देना तथा उन्हें आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करना हम सभी की जिम्मेदारी है।

सूरज गुप्ता ने कहा कि जब तक हम अपने घरों और समाज में महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा और समान अवसर नहीं देंगे, तब तक हमारी पूजा-अर्चना का वास्तविक उद्देश्य पूरा नहीं होगा। उन्होंने अपने संकल्प को दोहराते हुए कहा कि वे अपनी क्षमता के अनुसार नारी शक्ति के सम्मान और उत्थान के लिए हमेशा प्रयास करते रहेंगे। उन्होंने लोगों से भी महिलाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार अपनाने और उन्हें समाज की मुख्यधारा में आगे बढ़ाने की अपील की।

अहंकार, क्रोध और दुर्गुणों का करें त्याग : डॉ. अनिल साह

डॉ. अनिल साह ने विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दशहरा हमें अपने भीतर मौजूद बुराइयों को समाप्त करने की प्रेरणा देता है। इस अवसर पर प्रत्येक व्यक्ति को अहंकार, क्रोध और अन्य दुर्गुणों का त्याग करने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि क्रोध पर नियंत्रण और संयमित जीवनशैली अपनाना स्वस्थ जीवन के लिए भी आवश्यक है। उन्होंने लोगों से आपसी प्रेम, सद्भाव और सकारात्मक सोच के साथ जीवन जीने की अपील की।

जहां नारी की पूजा होती है, वहां देवताओं का वास होता है : डॉ. लालमोहन

विधायक प्रतिनिधि डॉ. लालमोहन ने संस्कृत श्लोक ‘यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवताः’ का उल्लेख करते हुए कहा कि जहां नारियों का सम्मान होता है, वहां देवताओं का वास होता है। नारी समाज की आधारशिला है और उसके सम्मान के बिना एक सभ्य एवं सशक्त समाज की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने भुईयां टोली दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों को आयोजन के लिए बधाई देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम में उपस्थित अन्य अतिथियों ने भी लोगों को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं तथा मां दुर्गा से क्षेत्र में सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना की। इससे पहले अतिथियों द्वारा दुर्गा पूजा समारोह में उत्कृष्ट सहयोग करने वाले सदस्यों को अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया।

आयोजन को सफल बनाने में अर्जुन शर्मा, अजय मेहता, ईश्वरी साव, शिवदत्त साव, सुरेंद्र चंद्रवंशी, सुरेश भुईयां, प्रेमचंद राम, आदित्य साहू, अशोक शर्मा, जोखू भुईयां, गणेश साव, ईसरी साव सहित अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे शामिल हुए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!