सीएसपी केंद्र पर 30 हजार रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद

रुपये ट्रांसफर के बाद युवक के जाने से बढ़ा मामला, दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही पुलिस
मेराल। थाना क्षेत्र के पचपेड़ी मोड़ स्थित सीएसपी केंद्र पर 30 हजार रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। मामले में सीएसपी संचालक आलोक कुमार यादव ने डंडई निवासी सतीश यादव पर 30 हजार रुपये की धोखाधड़ी कर फरार होने का आरोप लगाते हुए मेराल थाना में लिखित आवेदन दिया है।
दिए गए आवेदन के अनुसार, सतीश यादव मनी ट्रांसफर कराने के लिए सीएसपी केंद्र पहुंचे थे। संचालक का आरोप है कि उनके खाते से 30 हजार रुपये ट्रांसफर किए गए। राशि मिलने के बाद सतीश यादव अपनी मोटरसाइकिल सीएसपी केंद्र पर छोड़कर वहां से चले गए। संचालक के अनुसार, उनसे संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका।
करीब दो दिन बाद सतीश यादव मोटरसाइकिल लेने सीएसपी केंद्र पहुंचे। इस दौरान वहां मौजूद ग्रामीणों ने उन्हें रोक लिया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। सूचना मिलने पर ओखरगाड़ा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि रविंद्र कुमार गुप्ता, बीडीसी प्रत्याशी खुर्शीद आलम, उपमुखिया निजामुद्दीन खान समेत अन्य लोग मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों से बातचीत कर मामले को शांत कराने का प्रयास किया।
बाद में सूचना मिलने पर मेराल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सतीश यादव को थाने ले गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस जांच के बाद ही लेनदेन और लगाए गए आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



