स्वच्छता श्रमदान से दिया स्वच्छता व पर्यावरण संरक्षण का संदेश

चिनियां मोड़ से बीरेन्द्र तिवारी मार्ग तक चला अभियान, नए समाहरणालय परिसर में हुआ पौधरोपण
गढ़वा। स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी और जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से गुरुवार को ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ के तहत ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ स्वच्छता श्रमदान अभियान चलाया गया। नगर परिषद गढ़वा एवं जिला जल एवं स्वच्छता समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित अभियान का नेतृत्व उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने किया। गोविंद उच्च विद्यालय मैदान से अभियान की शुरुआत हुई।

उपायुक्त ने पदाधिकारियों व कर्मियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। इसके बाद उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर, उप विकास आयुक्त प्रेमलता मुर्मू समेत अन्य पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने चिनियां मोड़ से बीरेन्द्र तिवारी मार्ग तक श्रमदान कर सड़क किनारे एवं आसपास के क्षेत्रों की सफाई की। इस दौरान लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। वहीं, नए समाहरणालय परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ कार्यक्रम के तहत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि निरंतर अपनाई जाने वाली जीवनशैली और सामूहिक जिम्मेदारी है।

