
बोले राज्यपाल- आस्था और आध्यात्मिक चेतना का महत्वपूर्ण केंद्र है श्री बंशीधर मंदिर, धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए समुचित विकास जरूरी
गढ़वा। झारखंड के राज्यपाल श्री संतोष कुमार गंगवार ने सोमवार को श्री बंशीधर नगर (नगरऊँटारी) पहुंचकर प्रसिद्ध श्री बंशीधर मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने भगवान श्री बंशीधर से समस्त झारखंडवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की। पूजा-अर्चना के दौरान राज्यपाल ने मंदिर की धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्ता को नमन किया। उन्होंने कहा कि श्री बंशीधर मंदिर श्रद्धा, आस्था और आध्यात्मिक चेतना का महत्वपूर्ण केंद्र है। इस पावन स्थल से लोगों की गहरी धार्मिक आस्था जुड़ी हुई है और यह क्षेत्र की विशिष्ट धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान का भी प्रतीक है।

राज्यपाल ने कहा कि श्री बंशीधर मंदिर एवं इसके आसपास के क्षेत्र का समुचित एवं व्यवस्थित विकास आवश्यक है। मंदिर और क्षेत्र के विकास से न केवल श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि श्री बंशीधर नगर की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान भी और सुदृढ़ होगी। उन्होंने कहा कि इस पावन स्थल को धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से विकसित किए जाने की पर्याप्त संभावनाएं हैं। समुचित विकास एवं बेहतर सुविधाओं के माध्यम से यहां देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को आकर्षित किया जा सकता है। इससे क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिल सकती है। राज्यपाल के श्री बंशीधर मंदिर पहुंचने को लेकर स्थानीय लोगों एवं श्रद्धालुओं में भी उत्साह देखा गया। मंदिर परिसर में उन्होंने श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना की।


