झारखंड के सभी 606 थाने अब सीसीटीवी की कड़ी निगरानी में

सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर 9,006 अत्याधुनिक कैमरे लगेंगे, 24 जिलों के नियंत्रण कक्ष से होगी चौबीसों घंटे निगरानी
रांची। झारखंड के सभी पुलिस थानों की अब अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरों से कड़ी निगरानी होगी। सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के तहत राज्य के सभी 606 पुलिस थानों में कुल 9,006 अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इन कैमरों के माध्यम से थाना परिसर में होने वाली गतिविधियों पर चौबीसों घंटे नजर रखी जा सकेगी। मिली जानकारी के अनुसार, इन कैमरों में आवाज और तस्वीर दोनों की रिकॉर्डिंग के साथ रात में भी स्पष्ट दृश्य देखने की सुविधा होगी। इससे थानों में दिन-रात होने वाली गतिविधियों की जानकारी आवाज सहित स्पष्ट रूप से दर्ज होती रहेगी। कैमरों की स्थापना के लिए करीब 90 करोड़ रुपये की पुनरीक्षित प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। योजना के तहत थाना परिसर के महत्वपूर्ण स्थानों को निगरानी के दायरे में रखा जाएगा। इनमें मुख्य द्वार, स्वागत कक्ष, गलियारा, हवालात तक जाने वाला मार्ग तथा पुलिस अधिकारियों के कक्ष शामिल हैं। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि थानों में लगे इन कैमरों की निगरानी केवल स्थानीय स्तर पर ही नहीं होगी, बल्कि राज्य के सभी 24 जिलों के जिला नियंत्रण कक्षों से भी की जाएगी। इससे थाना स्तर पर होने वाली गतिविधियों की निगरानी व्यवस्था और मजबूत होने की उम्मीद है। निर्देश के अनुसार, सीसीटीवी कैमरों में दर्ज आवाज और तस्वीरों को कम से कम एक वर्ष तथा अधिकतम 18 महीने तक सुरक्षित रखना होगा। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित अवधि की रिकॉर्डिंग उपलब्ध कराई जा सकेगी। इस व्यवस्था के लागू होने के बाद पुलिस थानों में होने वाली गतिविधियों का व्यवस्थित अभिलेख उपलब्ध रहेगा। साथ ही, पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


