शिक्षा-समाज-संस्कृति संस्था की अभिनव पहल, कल से शुरू होगा खेल प्रतिभा सम्मान एवं शिक्षक दिवस समारोह

खेल प्रतिभाओं को मिलेगा मंच, मेधावी विद्यार्थियों का होगा चयन और शिक्षकों को किया जाएगा सम्मानित
बलराम शर्मा
मेराल। शिक्षा, समाज और संस्कृति के क्षेत्र में सक्रिय शिक्षा-समाज-संस्कृति संस्था द्वारा विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। संस्था की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार 29 अगस्त से 5 सितंबर तक खेल दिवस, प्रतिभा सम्मान परीक्षा एवं शिक्षक दिवस समारोह का आयोजन किया जाएगा।कार्यक्रम की शुरुआत 29 अगस्त को बंका स्थित माधुरी मैदान में खेल दिवस के साथ होगी। इसमें कक्षा दसवीं तक के विद्यार्थी भाग ले सकेंगे। खेल प्रतियोगिताओं में दौड़, गोला फेंक, निशानेबाजी, तीरंदाजी, चक्का फेंक, भारोत्तोलन, रस्साकशी तथा भाला फेंक सहित विभिन्न खेल शामिल किए गए हैं।इसके बाद 31 अगस्त को प्रतिभा सम्मान परीक्षा का आयोजन होगा। इस दिन श्री बैकेश्वर नाथ उच्च विद्यालय बंका, राजकीय उत्क्रमित उच्च विद्यालय बंका एवं मध्य विद्यालय भंडार के आठवीं कक्षा के विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इसी दिन मध्य विद्यालय पहाड़िया एवं पढ़कुड़ा में भी परीक्षा आयोजित होगी। 1 सितंबर को मध्य विद्यालय लोवाडांगा, अघौरी एवं राजहारा में प्रतिभा सम्मान परीक्षा होगी। प्रत्येक विद्यालय से तीन प्रतिभावान विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। संस्था के अनुसार कुल 21 चयनित विद्यार्थियों में सात बालिका विद्यार्थियों के लिए स्थान आरक्षित रहेगा। चयनित विद्यार्थियों को आगामी ढाई वर्षों तक अथवा दसवीं कक्षा उत्तीर्ण करने तक प्रत्येक रविवार को दूरस्थ माध्यम से विशेष कक्षा कराई जाएगी। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों की क्षमता के अनुरूप उचित मार्गदर्शन देना तथा विभिन्न विषयों में सहयोग प्रदान करना है।वहीं 5 सितंबर को शिक्षक दिवस का आयोजन उच्च विद्यालय बंका के परिसर में किया जाएगा। समारोह में सभी शिक्षकों को सम्मानित करने के साथ खेल दिवस के विजेता प्रतिभागियों एवं प्रतिभा सम्मान परीक्षा में चयनित विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया जाएगा। संस्था ने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है।



