विकसित भारत–जी राम जी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर प्रशिक्षण आयोजित

रोजगार दिवस 100 से बढ़कर 125 दिन, प्रशासनिक मद में भी बढ़ोतरी
गढ़वा (जनहित न्यूज लाइव)। जिला परिषद सभागार में सोमवार, 10 अगस्त 2026 को विकसित भारत–जी राम जी योजना के प्रभावी एवं सुचारू क्रियान्वयन को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जिले के सभी प्रखंडों से प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी, कनीय अभियंता, सहायक अभियंता, कंप्यूटर ऑपरेटर सहित संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर परियोजना पदाधिकारी दीपक कुमार पासवान, सहायक परियोजना पदाधिकारी विकास कुमार वर्मा एवं कनीय अभियंता फिरोज अंसारी ने योजना के विभिन्न प्रावधानों, प्रक्रियाओं एवं तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी। बताया गया कि योजना के तहत रोजगार दिवस की सीमा 100 दिनों से बढ़ाकर 125 दिन कर दी गई है, जबकि प्रशासनिक मद (एडमिन फंड) को 6 प्रतिशत से बढ़ाकर 9 प्रतिशत किया गया है।
प्रशिक्षण में योजना के चार प्रमुख घटकों के तहत 318 योजनाओं के क्रियान्वयन, योजनाओं के चयन, अभिलेख संधारण एवं तकनीकी प्रक्रिया की जानकारी दी गई। साथ ही स्पष्ट किया गया कि योजनाओं की प्रविष्टि युक्तधारा के माध्यम से ही की जाएगी। प्रशिक्षणार्थियों को पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं निर्धारित समय-सीमा के अनुपालन पर विशेष जोर दिया गया।




