विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी ने सड़क हादसे में अशर्फी सिंह कुशवाहा के निधन पर जताया शोक, परिजनों को बंधाया ढांढस

अशर्फी सिंह कुशवाहा का अचानक इस दुनिया से चले जाना पूरे परिवार ही नहीं, समाज के लिए भी बड़ी क्षति है : विधायक
बलराम शर्मा
मेराल। थाना मुख्यालय के उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय पूर्वारा टोला के सहायक अध्यापक विनोद कुमार कुशवाहा के पिता तथा मेराल पूर्वी से दो बार निर्वाचित मुखिया, पतंजलि योग समिति की वरिष्ठ महिला कार्यकर्ता एवं उत्क्रमित मध्य विद्यालय कुंभी की शिक्षिका सुषमा कुशवाहा के ससुर अशर्फी सिंह कुशवाहा की सड़क दुर्घटना में हुई असामयिक मृत्यु की सूचना पर क्षेत्रीय विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी शिवपुरी स्थित उनके आवास पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मिलकर गहरी संवेदना व्यक्त की तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
इस अवसर पर विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी ने कहा, “अशर्फी सिंह कुशवाहा का निधन अत्यंत दुखद और अपूरणीय क्षति है। वे एक सरल, मिलनसार एवं परिवार के प्रति समर्पित व्यक्तित्व के धनी थे। ऐसे व्यक्ति का अचानक इस दुनिया से चले जाना पूरे परिवार ही नहीं, समाज के लिए भी बड़ी क्षति है। इस दुख की घड़ी में हम सभी परिवार के साथ खड़े हैं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिजनों को इस असहनीय पीड़ा को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।”
विधायक ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिया।
मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष उदय कुमार कुशवाहा, पूर्व सांसद घूरन राम, जिला विधायक प्रतिनिधि रिंकू तिवारी, डॉ. लालमोहन, रोहित कुमार, सुनील कुमार, रामकुमार सहित कई भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित थे।




