टॉप न्यूज़

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को लेकर डीसी ने किया बैठक, तैयारियां तेज 

21 जून को गढ़वा फुटबॉल स्टेडियम में होगा जिला स्तरीय भव्य आयोजन

गढ़वा। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) के सफल एवं भव्य आयोजन को लेकर समाहरणालय सभागार में उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी पशुपति नाथ मिश्रा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम की रूपरेखा, तैयारियों तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वयात्मक कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि “योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो तन, मन और आत्मा के संतुलन का सशक्त माध्यम है। स्वस्थ एवं निरोग समाज के निर्माण के लिए योग को जन-जन तक पहुंचाना आवश्यक है।” उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि योग दिवस कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए तथा इसके व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए प्रभावी रणनीति अपनाई जाए।

बैठक में निर्णय लिया गया कि जिले के सभी प्रखंडों, पंचायतों, विद्यालयों एवं सरकारी कार्यालयों में प्रातःकालीन योग सत्र आयोजित किए जाएंगे। वहीं जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम स्थानीय फुटबॉल स्टेडियम, गढ़वा में प्रातः 5:30 बजे से आयोजित होगा, जिसमें विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी, स्वयंसेवी संस्थाएं तथा आम नागरिक भाग लेंगे।

उपायुक्त ने कार्यक्रम की समुचित तैयारियों को लेकर प्रभारी जिला आयुष चिकित्सा पदाधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए। कार्यक्रम के फोटो एवं वीडियो कवरेज की जिम्मेदारी जिला जनसंपर्क पदाधिकारी को सौंपी गई। पेयजल एवं साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को निर्देशित किया गया। वहीं विद्यालयों के विद्यार्थियों के आवागमन की व्यवस्था के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

उन्होंने सीआरपीएफ 172 बटालियन, जिला खेल पदाधिकारी सहित जिले के सभी पदाधिकारियों एवं संबंधित संस्थाओं को कार्यक्रम में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने और सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने कहा कि कार्यक्रम से पूर्व जनजागरूकता बढ़ाने के लिए जागरूकता रैली, पोस्टर, बैनर, सोशल मीडिया अभियान तथा अन्य प्रचार माध्यमों का व्यापक उपयोग किया जाए। साथ ही योग प्रशिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए विभिन्न स्थानों पर नियमित योग अभ्यास सत्र प्रारंभ करने पर भी बल दिया गया।

 

बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष शांति देवी, उप विकास आयुक्त प्रेमलता मुर्मू, अपर समाहर्ता विकास कुमार राय, प्रभारी पदाधिकारी सामान्य शाखा राजेश कुमार, नजारत उप समाहर्ता धीरज प्रकाश, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी अर्चना सिन्हा, जिला शिक्षा अधीक्षक अनुराग मिंज, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी, पतंजलि योग समिति के संतोष कुमार चबे, संतोष पांडे, प्रदीप कुमार केसरी, जिला योग समिति के सचिव सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!