बकरीद को लेकर गढ़वा पुलिस अलर्ट, पुलिस केंद्र में हुआ व्यापक मॉक ड्रिल

बलवा नियंत्रण, दंगाइयों से निपटने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई का कराया गया अभ्यास
बलराम शर्मा
गढ़वा। बकरीद पर्व के दौरान जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस केंद्र स्थित परेड ग्राउंड में व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। यह मॉक ड्रिल पुलिस अधीक्षक गढ़वा आशुतोष शेखर के निर्देश पर परिचारी प्रवर पुलिस केंद्र संदीप कुमार के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
मॉक ड्रिल के दौरान बलवा नियंत्रण, दंगाइयों से निपटने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई का अभ्यास कराया गया। इस दौरान गढ़वा, रंका एवं श्री बंशीधर नगर अनुमंडल में तैनात क्यूआरटी टीम, आईआरबी की टीजी दस्ता तथा जिला सशस्त्र बल के जवानों ने भीड़ नियंत्रण, संवेदनशील हालात में समन्वित कार्रवाई और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की रणनीतियों का प्रदर्शन किया।
अभ्यास का मुख्य उद्देश्य बकरीद के दौरान संभावित अफवाहों, भीड़भाड़ एवं किसी भी अप्रिय स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारी सुनिश्चित करना था। मौके पर जवानों को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
परिचारी प्रवर संदीप कुमार ने जवानों को पर्व के दौरान पूरी सतर्कता एवं सजगता के साथ ड्यूटी करने, संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने तथा किसी भी सूचना को तत्काल वरीय अधिकारियों तक पहुंचाने का निर्देश दिया।
मौके पर परिचारी सतपाल सिंह एवं सअनि दधिबल सिंह भी उपस्थित रहे और जवानों का मार्गदर्शन किया।




