अध्यक्ष पद के लिए दोपहर 2 बजे तक साफ हो जाएगा तस्वीर, तब तक सभी हैं बाजीगर

गढ़वा : तीनो नगर निकाय के लिए बनाए गए है अलग-अलग 33 टेबल
गढ़वा । नगर निकाय के लिए हुए चुनाव के मतगणना की तैयारी में सभी प्रत्याशी एवं चुनाव कार्य में लगे अधिकारी अपनी तैयारी में लगे हैं। कृषि उत्पादन बाजार समिति गढ़वा परिसर में बनाए गए वज्रगृह में मतपेटियों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच तीन लेयर की सुरक्षा में रखा गया है। इसी परिसर में मतगणना केंद्र भी बनाए गए हैं। जहां कल 27 फरवरी को मतपत्रों की गिनती होगी। सुबह आठ बजे से वज्रगृह से मतपेटियों को निकालने एवं अलग अलग टेबल तक पहुंचाने की व्यवस्था शुरू हो जाएगी। इसके बाद विभिन्न टेबलों पर मतगणना होगी।
गढ़वा नगर परिषद के लिए सबसे पहले ऊंचरी एवं डा. यासिन मिल्लत कॉलेज बूथ के मतपत्रों की गिनती शुरू होगी। इसके साथ ही प्रत्याशियों के भाग्य का पिटारा खुलना शुरू हो जाएगा। राउंडवार अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षद के मतपत्रों की गिनती के बाद इसकी घोषणा भी की जाएगी। इसी प्रकार तीनों नगर निकाय के परिणाम घोषित होते रहेगे। गढ़वा नगर परिषद क्षेत्र में 21 वाट के लिए बनाए गए 42 मतदान केंद्रों के लिए कुल 14 टेबल बनाए गए हैं। यहां का चुनाव परिणाम तीन राउंड में ही आ जाएगा। जबकि 17 वार्ड वाला श्री बंशीधर नगर पंचायत में 30 बूथ के मतों की गिनती के लिए अलग-अलग कुल 10 टेबल बनाए गए हैं। यहां भी तीन राउंड में ही मतों की गिनती हो जाएगी। इसी तरह 12 वार्ड वाला मझिआंव नगर पंचायत क्षेत्र में 17 मतदान केंद्रों से प्राप्त मतों की गिनती के लिए 9 टेबल बनाए गए हैं, यहां दो राउंड में ही मतों की गिनती पूरी हो जाएगी। तीनो नगर निकाय क्षेत्रों में मतों की गिनती साथ-साथ चलेगी। मतों की गितनी के लिए 126 कर्मी लगाए गए हैं। कर्मियों को सुबह के छह बजे बाजार समिति में रिपोर्ट करने के लिए कहा गया है। वहीं सात बजे से सभी टेबल पर निष्पक्ष गिनती प्रारंभ की जाएगी। निष्पक्षता से तय टेबल पर संबंधित मतगणना कर्मियों को रिपोर्ट करना होगा। मतदान केंद्र में जाने के लिए सभी प्रत्याशियों को पास बनाया गया है। कल होने वाले मतों की गिनती के लिए सभी प्रत्याशी अपने समर्थकों को प्रत्येक टेबल पर एजेंट के रूप में पास बनवाए हैं, साथ ही अपने हिसाब से सभी तैयारी में जुट गए हैं।अध्यक्ष पद के लिए दोपहर 2 बजे तक तस्वीर साफ हो जाएगा, तब तक सभी प्रत्याशी बाजीगर हैं।

