टॉप न्यूज़

बीएलओ सह सेविका ने जिप सदस्य पर लगाए आरोपों को बताया आपसी विवाद, न्यायालय में केस समाप्त करने का किया अनुरोध

सेविका द्वारा जिप सदस्य पर एसआईआर जैसे सरकारी कार्य में बाधा डालने जैसा गंभीर आरोप लगाते हुए कराया था एफआईआर दर्ज 

बलराम शर्मा 

मेराल। प्रखंड के अरंगी पंचायत अंतर्गत पिंडरा गांव की आंगनवाड़ी सेविका सह बीएलओ उमा देवी द्वारा मेराल उत्तरी क्षेत्र के जिला परिषद सदस्य संजय कुमार सिंह के विरुद्ध दर्ज कराए गए चर्चित केस में शनिवार को नया घटनाक्रम सामने आया। सेविका एवं उनके पति नागेंद्र चंद्रवंशी ने न्यायालय में शपथपत्र दाखिल कर पूर्व में जिप सदस्य पर लगाए गए आरोपों को आपसी पारिवारिक विवाद एवं तत्कालीन आवेश का परिणाम बताया तथा दर्ज कराए गए केस को समाप्त करने का अनुरोध किया।

गौरतलब है कि मेराल थाना कांड संख्या 177/2026 में उमा देवी ने जिला परिषद सदस्य संजय कुमार सिंह पर एसआईआर जैसे सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने तथा उनके पति के साथ मारपीट करने सहित अन्य आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।

शनिवार को न्यायालय में प्रस्तुत शपथपत्र में उमा देवी एवं नागेंद्र चंद्रवंशी ने कहा कि संजय कुमार सिंह उनके रिश्तेदार हैं तथा दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से चला आ रहा पारिवारिक विवाद अब आपसी सहमति से सुलझ गया है। उन्होंने न्यायालय से मामले को समाप्त करने की अनुमति देने का अनुरोध किया।

न्यायालय ने प्रस्तुत आवेदन पर संज्ञान लेते हुए उसे स्वीकार किया तथा आवश्यक अग्रेतर कार्रवाई के लिए आवेदन की प्रति मेराल थाना को भेजने का निर्देश दिया।

इस समझौते के बाद दोनों पक्षों के बीच चला आ रहा विवाद समाप्त होने की उम्मीद जताई जा रही है। क्षेत्र के लोगों ने भी आपसी सहमति से विवाद के समाधान को सकारात्मक पहल बताते हुए इसका स्वागत किया है।

हालांकि, मामले का अंतिम निष्पादन न्यायालय एवं संबंधित थाना द्वारा विधि के अनुरूप आवश्यक प्रक्रिया पूरी किए जाने के बाद ही माना जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!