साइबर ठगी से बचाव को लेकर मेराल पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान

ग्राम सभा में थाना प्रभारी ने ग्रामीणों को किया जागरूक, ओटीपी-पिन के साथ APK फाइल डाउनलोड नहीं करने की दी हिदायत
मेराल। गढ़वा पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर के निर्देश पर साइबर अपराध की रोकथाम को लेकर मेराल थाना पुलिस द्वारा 26 अगस्त से जागरूकता अभियान शुरू किया गया है। अभियान के तहत गुरुवार को थाना प्रभारी विष्णु कांत थाना क्षेत्र की सुदूरवर्ती पढ़ुआ पंचायत में आयोजित ग्राम सभा में पहुंचे और उपस्थित दर्जनों ग्रामीणों को साइबर ठगी से बचाव के प्रति जागरूक किया। थाना प्रभारी ने ग्रामीणों को बताया कि साइबर ठग बैंक अधिकारी बनकर फोन करने के अलावा लोन दिलाने, लॉटरी लगने, बिजली बिल बकाया होने अथवा अन्य प्रलोभन से संबंधित फर्जी मैसेज और लिंक भेजकर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों को अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने तथा व्हाट्सऐप या अन्य माध्यम से भेजी गई APK फाइल अथवा संदिग्ध ऐप डाउनलोड नहीं करने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने कहा कि साइबर ठगों द्वारा कई बार मोबाइल में APK फाइल इंस्टॉल करवाकर बैंक खाते और निजी जानकारी तक पहुंच बनाने का प्रयास किया जाता है। इसलिए किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर कोई ऐप या APK फाइल डाउनलोड नहीं करनी चाहिए। थाना प्रभारी ने विशेष रूप से एटीएम पिन, यूपीआई पिन, नेट बैंकिंग क्रेडेंशियल और ओटीपी किसी भी व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए थाना क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से डिजिटल सेवाओं का उपयोग करते समय सतर्क रहने तथा अपने आसपास के ग्रामीणों और महिलाओं को भी साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक करने की अपील की। मौके पर मुखिया आशीष बियार, पंचायत सचिव गायत्री कुमारी, संस्था अग्रगति के सीएफएल कॉर्डिनेटर गुरुदेव विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।


