NEET UG 2026 का रिजल्ट जारी: 11.21 लाख अभ्यर्थी सफल, पंजाब और हरियाणा के छात्रों ने किया टॉप

छात्राओं ने मारी बाजी – क्वालिफाइड हुए 11.21 लाख अभ्यर्थियों में से 58 प्रतिशत से अधिक छात्राएं
नई दिल्ली। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने NEET UG 2026 का परिणाम जारी कर दिया है। इस वर्ष आयोजित देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा में करीब 20 लाख अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जिनमें से 11.21 लाख छात्र-छात्राओं ने सफलता प्राप्त की है।
इस बार के परिणाम में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान सहित 8 राज्यों के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया टॉप-17 रैंक में अपनी जगह बनाई है।
पंजाब और हरियाणा के छात्रों ने किया टॉप
NEET UG 2026 में पंजाब के आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पांशुल बंसल ने संयुक्त रूप से 720 में से 715 अंक प्राप्त कर ऑल इंडिया रैंक (AIR)-1 हासिल की है। दोनों अभ्यर्थियों की इस उपलब्धि ने अपने-अपने राज्यों का गौरव बढ़ाया है।
बेटियों का रहा शानदार प्रदर्शन
इस वर्ष के परिणाम में छात्राओं ने भी शानदार प्रदर्शन किया है। कुल 11.21 लाख सफल अभ्यर्थियों में 58 प्रतिशत से अधिक छात्राएं हैं, जो मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में बढ़ती भागीदारी और उत्कृष्ट प्रदर्शन का संकेत है।
कटऑफ लिस्ट भी जारी
एनटीए ने परिणाम के साथ कैटेगरी-वार कटऑफ भी जारी कर दी है।
जनरल एवं EWS वर्ग के लिए कटऑफ 715 से 213 अंक निर्धारित की गई है।
ओबीसी, एससी एवं एसटी वर्ग के लिए कटऑफ 212 से 177 अंक तय की गई है।
अभ्यर्थी एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना परिणाम और कटऑफ सूची देख एवं डाउनलोड कर सकते हैं।
NEET UG 2026 के परिणाम जारी होने के बाद अब सफल अभ्यर्थियों को मेडिकल काउंसलिंग प्रक्रिया का इंतजार है, जिसके माध्यम से एमबीबीएस, बीडीएस एवं अन्य मेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू होगी।



