एसआईआर को लेकर तैयारियां तेज, आज से विशेष मॉनिटरिंग अभियान शुरू
बूथों पर बीएलओ रहेंगे मौजूद

मैपिंग नहीं होने से नाम नहीं कटेगा : एसडीएम
बीएलओ का नाम और मोबाइल नंबर रखें सुरक्षित
बूथों का होगा औचक निरीक्षण
गढ़वा। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) को लेकर गढ़वा जिले में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जिले में मतदाताओं की मैपिंग का कार्य तेजी से चल रहा है। गढ़वा विधानसभा क्षेत्र में 80 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं की मैपिंग पूरी हो चुकी है, जबकि पूरे जिले में यह आंकड़ा लगभग 81 प्रतिशत तक पहुंच गया है।
गढ़वा के प्रभारी उप निर्वाचन पदाधिकारी सह सदर एसडीएम संजय कुमार ने बताया कि शनिवार और रविवार को सभी बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने बूथों पर मतदाता सूची के साथ उपस्थित रहेंगे। जिन मतदाताओं की मैपिंग नहीं हुई है या जो अपनी स्थिति जानना चाहते हैं, वे सीधे अपने बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं।
बीएलओ का नाम और मोबाइल नंबर रखें सुरक्षित
एसडीएम ने मतदाताओं से अपील की कि वे अपने क्षेत्र के बीएलओ का नाम और मोबाइल नंबर सुरक्षित रखें, ताकि भविष्य में निर्वाचन संबंधी किसी भी कार्य में उनसे आसानी से संपर्क किया जा सके। यदि किसी मतदाता को अपने बीएलओ की जानकारी नहीं है, तो वह मतदाता हेल्पलाइन 1950 पर संपर्क कर जानकारी प्राप्त कर सकता है। बीएलओ की सूची और संपर्क विवरण झारखंड निर्वाचन विभाग की वेबसाइट पर भी उपलब्ध हैं।
अधिकारियों को दिए गए विशेष निर्देश
एसडीएम ने शुक्रवार को सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, बीएलओ पर्यवेक्षकों, कंप्यूटर ऑपरेटरों एवं अन्य संबंधित कर्मियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। बैठक में निर्देश दिया गया कि शनिवार और रविवार को सभी बीएलओ की उपस्थिति हर हाल में सुनिश्चित की जाए। साथ ही पर्यवेक्षक
बूथों का अधिकारी करेंगे औचक निरीक्षण
एसडीएम ने बताया कि सभी सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों के बूथों का औचक निरीक्षण करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि बीएलओ निर्धारित समय पर उपस्थित रहकर मतदाताओं की सहायता कर रहे हैं या नहीं।
उन्होंने राजनीतिक दलों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों से भी अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करने तथा जिन मतदाताओं की मैपिंग नहीं हुई है, उन्हें अपने बीएलओ से संपर्क कर प्रक्रिया पूरी कराने की अपील की।
मैपिंग नहीं होने से नाम नहीं कटेगा : एसडीएम
एसडीएम संजय कुमार ने स्पष्ट किया कि केवल मैपिंग नहीं होने के आधार पर किसी भी मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं हटाया जाएगा। उन्होंने कहा कि गणना प्रपत्र सभी मतदाताओं तक पहुंचाया जाएगा, चाहे उनकी मैपिंग हुई हो या नहीं। इसलिए किसी भी मतदाता को अनावश्यक रूप से चिंतित होने की आवश्यकता नहीं है।
उन्होंने कहा कि एसआईआर अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाना है, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक अपने मताधिकार का उपयोग कर सके।



