मेराल में चार धान अधिप्राप्ति केंद्र का हुआ शुभारंभ
मुख्यालय में गोदाम के अभाव में चालू नहीं हो सका धान अधिप्राप्ति केंद्र, पांच पंचायत के किसान निराश

मेराल । प्रखंड के चार धान अधिप्राप्ति केंद्र का शुभारंभ शुक्रवार को किया गया। गेरुआ के पैक्स गोदाम में धान अधिप्राप्ति केंद्र का शुभारंभ प्रखंड प्रमुख दीपमाला कुमारी, गढ़वा जिला सहकारिता पदाधिकारी नीलम कुमारी, विधायक प्रतिनिधि डॉ लालमोहन, मुखिया अनिल चौधरी, वीरेंद्र नाथ तिवारी, हासनदाग के मुखिया पति हरेंद्र चौधरी, अध्यक्ष आशीष कुमार चौबे ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। बता दे की इस केंद्र पर गेरुआ, हासनदाग, करकोमा, बाना तथा, गोंदा पंचायत के किसान अपना धान बेच सकेंगे।

जबकि गेरुआसोती में मेराल व्यापार मंडल के सहयोग से खुला धान अधिप्राप्ति केंद्र का उद्घाटन मुखिया रामप्रताप साह, जगजीवन राम, अध्यक्ष शांति देवी, सचिव रवि पांडे तथा उपरोक्त अतिथियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस केंद्र पर दुलदुलवा, तिसरटेटुका तथा चामा पंचायत के किसान अपना धान बिक्री करेंगे, यहां के लिए पेसका में भी एक गोदाम बनाया गया है।

इसी तरह दलेली के पैक्स गोदाम में धान अधिप्राप्ति केंद्र का शुभारंभ गढ़वा विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी के जिला प्रतिनिधि विवेकानंद उर्फ रिंकू तिवारी, मुखिया सुरेश राम, मुखिया पति रविंद्र गुप्ता, अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय आदि ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस केंद्र पर बिकताम, ओखरगाडा पूर्वी, ओखरगाडा पश्चिम, चेचरिया तथा खोरीडीह पंचायत के किसान अपना धन विक्री करेंगे।

जबकि अरंगी पैक्स पर सात पंचायतों के लिए केंद्र बनाया गया है जिसमें अरंगी, मेराल पूर्वी, मेराल पश्चिमी, संगवरिया, लोवादाग, पढ़ुआ तथा तेनार पंचायत के किसान अपना धान बिक्री करेंगे इसके लिए अरंगी तथा प्रखंड मुख्यालय में गोदाम बनाया गया है। यहां के अध्यक्ष नुरुल होदा अंसारी द्वारा बताया गया कि अरंगी गोदाम पर धान अधिप्राप्ति केंद्र चालू कर दिया गया है जबकि प्रखंड मुख्यालय में गोदाम उपलब्ध नहीं होने के कारण धान अधिप्राप्ति केंद्र चालू नहीं हो सका है। उद्घाटन के मौके पर जनप्रतिनिधियों ने कहा कि धान क्रय केंद्र खुलने से किसानों को अपनी उपज बेचने में सुविधा होगी, किसानों के धान का भारत सरकार द्वारा 2369 रुपए एवं झारखंड सरकार द्वारा 81 रुपए प्रति क्विंटल कुल 2450 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान की खरीदारी की जा रही है। किसानों को उनके उपज का उचित मूल्य मिलने से वे अपनी आवश्यकताओं को पूरा कर सकेंगे। उन्होंने अधिकारियों से धान क्रय केंद्र का जायजा लेते रहने तथा भुगतान के लिए निगरानी करने का आग्रह किया। वहीं अधिकारियों ने कहा कि धान की खरीददारी में जनप्रतिनिधियों तथा प्रबुद्ध लोगों का सहयोग अपेक्षित है। उद्घाटन के मौके पर प्रभारी कृषि पदाधिकारी रामनाथ चौधरी तथा बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

