सज गया मां का भव्य दरबार, शोभा यात्रा आज
प्रसिद्ध मां शायर देवी धाम का वार्षिक महोत्सव सह चैत्र नवरात्र की तैयारियां पूर्ण

10 दिनों तक लगेगा मेला और रात्रि में नाटक कला का होगा मंचन
28 मार्च की रात्रि में अदिति राज और मोनू अलबेला का होगा शानदार भव्य भक्ति जागरण
बलराम शर्मा
मेराल । प्रखंड मुख्यालय सहित आसपास के क्षेत्रों के लिए प्रसिद्ध धार्मिक स्थल मां शायर देवी धाम सज धज कर तैयार हो गया है। वार्षिक महोत्सव सह चैत्र नवरात्र बड़े ही श्रद्धा व उल्लास के साथ शुरू होगा। दस दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव को लेकर मंदिर संचालन समिति के पदाधिकारियों तथा भक्तों में भारी उत्साह है। गुरुवार की सुबह 10:00 बजे मां के दरबार से हजारों महिला पुरुष व बच्चे श्रद्धालुओं द्वारा मुख्य अतिथि और अतिथियों के शंखनाद के साथ 10 दिवसीय महोत्सव के लिए भव्य शोभा यात्रा निकालने की तैयारी है।
फूलों तथा झालर और लाइट से सजाया गया मां का दरबार और मेला में लगने वाला झुलुवा, चरखा तथा दुकान श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र होगा। कलश स्थापना के साथ ही श्री रामचरितमानस नवाह्न परायण महायज्ञ प्रारंभ हो जाएगा। महोत्सव के अवसर पर देवी धाम के दरबार में प्रतिदिन संध्या आठ बजे से स्थानीय कलाकारों द्वारा नाट्य कला का मंचन किया जाएगा, जो दर्शक श्रद्धालुओं के लिए प्रेरणा स्रोत होगा। 27 मार्च रामनवमी के दिन महायज्ञ का पूर्णाहुति तथा 3:00 बजे से महा भंडारा का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि लगातार 9 दिनों तक धार्मिक आयोजन का समापन के बाद 28 मार्च की रात्रि में विशाल भक्ति जागरण जो भोजपुरी संगीत उद्योग में अपनी मीठी आवाज के लिए अलग पहचान बनाने वाली भोजपुरी गायिका अदिति राज एवं लोकगीतों और क्षेत्रीय गायन के लिए प्रसिद्ध भोजपुरी गायक मोनू अलबेला एवं उनकी टीम द्वारा शानदार प्रस्तुति दी जाएगी। मौके पर देवी धाम संचालन समिति के मुख्य संरक्षक संजय भगत, अध्यक्ष विजय प्रसाद, मुखिया रामसागर महतो, मुन्ना राम, रविंद्र प्रसाद वर्मा, कृष्ण प्रसाद कुशवाहा, विनोद प्रसाद उर्फ लाला, देव कुमार जायसवाल, अनुज प्रसाद, रूपू महतो, देवेंद्र शर्मा, विनोद कुशवाहा आदि ने श्रद्धालु भक्तों से आयोजित सभी कार्यक्रमों में भाग लेकर पुण्य के भागीदार बनने का अपील किया है।


