
भारत के लिए संजू सैमसन ने धुआंधार बनाए 89 रन, जबकि गेंदबाजी में हार्दिक पांड्या ने झटके 2 विकेट
मुंबई । भारतीय क्रिकेट टीम ने गुरुवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया टी-20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में भारत ने रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड को हराकर टी-20 वर्ल्ड कप 2026 फाइनल में जगह बना ली। भारत अब रविवार को न्यूजीलैंड से अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में फाइनल मैच खेलेगा। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 253/7 रन बनाए और जवाब में इंग्लैंड की टीम निर्धारित 20 ओवर में 246/7 का स्कोर ही बना पाई और भारत ने इस रोमांचक मुकाबले को 7 रनों से अपने नाम कर लिया। इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। मुकाबले में भारत की ओर से संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा पारी की शुरुआत करने उतरे। पहला ओवर जोफ्रा आर्चर ने डाला, जिसमें भारत को तेज शुरुआत मिली। संजू सैमसन ने ओवर की तीसरी और चौथी गेंद पर शानदार चौके लगाए और कुल 12 रन बटोरे। हालांकि, दूसरे ही ओवर में भारत को पहला झटका लग गया। अभिषेक शर्मा 7 गेंद में 9 रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें विल जैक्स ने कैच आउट कराया। इसके बाद ईशान किशन क्रीज पर आए और संजू सैमसन के साथ मिलकर तेजी से रन बनाने शुरू किए। दोनों बल्लेबाजों ने इंग्लैंड के गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाया और भारत ने 5वें ओवर में ही 50 रन पूरे कर लिए। ईशान किशन ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 18 गेंद में 39 रनों की तेज पारी खेली, जिसमें चार चौके और दो छक्के शामिल रहे। हालांकि, 10वें ओवर में आदिल रशीद ने उन्हें आउट कर भारत को दूसरा झटका दिया। इसके बाद शिवम दुबे क्रीज पर आए और उन्होंने भी आते ही बड़े शॉट लगाने शुरू कर दिए। संजू सैमसन ने भी शानदार बल्लेबाजी जारी रखी। 12 ओवर के बाद भारत ने दो विकेट के नुकसान पर 145 रन बना लिए थे। संजू सैमसन इस दौरान शानदार फॉर्म में नजर आए और तेजी से रन बटोरते हुए 42 गेंद में 89 रनों की शानदार पारी खेली। उनकी इस पारी में 8 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। हालांकि 14वें ओवर में विल जैक्स ने उन्हें कैच आउट कर पवेलियन भेज दिया। इसके बाद भारतीय टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक सके और 6 गेंद में 11 रन बनाकर आदिल रशीद का शिकार बने। दूसरी ओर शिवम दुबे तेजी से रन बनाते रहे, लेकिन 18वें ओवर में एक रन लेने की कोशिश में रन आउट हो गए। उन्होंने 25 गेंद में 43 रन बनाए। अंतिम ओवरों में तिलक वर्मा ने जोफ्रा आर्चर के खिलाफ आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए एक ही ओवर में तीन छक्के जड़ दिए। हालांकि, उसी ओवर की पांचवीं गेंद पर आर्चर ने उन्हें क्लीन बोल्ड कर दिया। तिलक वर्मा ने 7 गेंद में 21 रन बनाए। भारत ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 253 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम के लिए संजू सैमसन ने सबसे ज्यादा 89 रन बनाए। इंग्लैंड की ओर से आदिल रशीद और विल जैक्स ने दो-दो विकेट हासिल किए। 254 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज जोस बटलर और फिल सॉल्ट क्रीज पर उतरे, लेकिन हार्दिक पांड्या ने अपने पहले ही ओवर में फिल सॉल्ट को पवेलियन भेज दिया। सॉल्ट 3 गेंद में 5 रन बनाकर आउट हुए।

इसके बाद कप्तान हैरी ब्रुक भी ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक सके। जसप्रीत बुमराह ने उन्हें 6 गेंद में 7 रन पर आउट कर इंग्लैंड को दूसरा झटका दिया। पावरप्ले के आखिरी ओवर में वरुण चक्रवर्ती ने जोस बटलर को 25 रन पर आउट कर इंग्लैंड की मुश्किलें बढ़ा दीं। पावरप्ले के बाद इंग्लैंड का स्कोर 3 विकेट पर 68 रन था। इसके बाद जैकब बेथल और विल जैक्स ने तेजी से रन बनाते हुए पारी को संभालने की कोशिश की। दोनों ने आक्रामक बल्लेबाजी की और 10 ओवर में टीम का स्कोर 4 विकेट पर 118 रन तक पहुंचा दिया। हालांकि, 14वें ओवर की आखिरी गेंद पर विल जैक्स बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में कैच आउट हो गए। जैक्स ने 20 गेंद में 35 रन बनाए। 15 ओवर के बाद इंग्लैंड ने 5 विकेट खोकर 185 रन बना लिए थे। उस समय जैकब बेथल 81 रन बनाकर क्रीज पर थे और टीम को जीत के लिए आखिरी 5 ओवर में 69 रन की जरूरत थी। इस बीच 19वें ओवर में इंग्लैंड का छठा विकेट गिरा। सैम करन 14 गेंद में 18 रन बनाकर पवेलियन लौट गए और हार्दिक पांड्या ने उन्हें अपना शिकार बनाया। इसके अलावा आखिरी ओवर में जैकब बेथल 48 गेंद में 105 रन बनाकर पवेलियन लौटे। लेकिन भारतीय गेंदबाजों के सामने इंग्लैंड बल्लेबाज निर्णायक पारी खेलने में असफल रहे और इस तरह भारतीय टीम ने इंग्लैंड को 7 रनों से हराकर फाइनल में जगह बना ली। भारतीय गेंदबाजों के बात करें तो हार्दिक पांड्या दो विकेट और अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल ने एक-एक विकेट लिए।
यह दोनों टीमों के बीच टी20 वर्ल्ड कप में लगातार तीसरा सेमीफाइनल था। इससे पहले इंग्लैंड टीम ने 2022 सेमीफाइनल में भारतीय टीम को 10 विकेट से हराया था, जबकि 2024 सेमीफाइनल में भारत ने 68 रन से जीत दर्ज की थी।
संक्षिप्त स्कोर इस प्रकार रहा –
भारत 253/7 (20 ओवर) – संजू सैमसन 89, शिवम दुबे 43; विल जैक्स 2/40
इंग्लैंड 246/7 (20 ओवर) – जैकब 105; हार्दिक पांड्या 2/38


