प्रसिद्ध मां शायर देवी धाम में चैत्र नवरात्र की तैयारियां जोरों पर, 19 मार्च से सजेगा भव्य दरबार
लगेगा मेला और रात्रि में नाटक कला का होगा मंचन

28 मार्च की रात्रि में अदिति राज और मोनू अलबेला का होगा शानदार भक्ति जागरण
बलराम शर्मा
मेराल । प्रखंड मुख्यालय सहित आसपास के क्षेत्रों के लिए प्रसिद्ध धार्मिक स्थल मां शायर देवी धाम के दरबार में आगामी 19 मार्च से चैत्र नवरात्र सह वार्षिक महोत्सव बड़े ही श्रद्धा व उल्लास के साथ शुरू होगा। दस दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव को लेकर मंदिर संचालन समिति के पदाधिकारियों तथा भक्तों में भारी उत्साह है।

तैयारी और कार्यक्रम की जानकारी देते हुए संचालन समिति के अध्यक्ष विजय प्रसाद द्वारा बताया गया की चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर इस वर्ष भव्य मंदिर का आकर्षक रंगरोगन तथा पूरे परिसर का सौंदर्यीकरण कराया गया है। साथ ही मंदिर को फूलों तथा झालर और लाइट से सजाया जा रहा है, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र होगा। महोत्सव का आगाज 19 मार्च की सुबह 9:30 बजे हजारों महिला-पुरुष व बच्चे श्रद्धालुओं की उपस्थिति में मुख्य अतिथि द्वारा किया जाएगा। इसी के साथ श्री रामचरितमानस नवाह्न परायण महायज्ञ तथा मेला (जिसमें झूला, चरखा सहित अन्य मनोरंजन) आदि का भी शुभारंभ हो जाएगा। महोत्सव के अवसर पर देवी धाम के दरबार में प्रतिदिन संध्या आठ बजे से स्थानीय कलाकारों द्वारा नाट्य कला का मंचन किया जाएगा, जो दर्शक श्रद्धालुओं के लिए प्रेरणा स्रोत होगा। 27 मार्च रामनवमी के दिन महायज्ञ का पूर्णाहुति तथा 3:00 बजे से महा भंडारा का आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि लगातार 9 दिनों तक धार्मिक आयोजन का समापन के बाद 28 मार्च की रात्रि में विशाल भक्ति जागरण जो भोजपुरी संगीत उद्योग में अपनी मीठी आवाज के लिए अलग पहचान बनाने वाली भोजपुरी गायिका अदिति राज एवं लोकगीतों और क्षेत्रीय गायन के लिए प्रसिद्ध भोजपुरी गायक मोनू अलबेला एवं उनकी टीम द्वारा शानदार प्रस्तुति दी जाएगी। इस मौके पर देवी धाम संचालन समिति के संजय भगत रविंद्र प्रसाद वर्मा विनोद प्रसाद उर्फ लाला आदि ने श्रद्धालु भक्तों से आयोजित सभी कार्यक्रमों में भाग लेकर पुण्य के भागीदार बनने का अपील किया है।

