मां शायर देवी धाम महोत्सव का तीसरा दिन : बैरगिया नाला नाटक के माध्यम से नशामुक्ति, महिला सुरक्षा और सामाजिक नैतिकता का दिया गया संदेश

आजाद नवयुवक संघ छवआना टोला के स्थानीय कलाकारों ने किया नाटक का मंचन
बलराम शर्मा
मेराल । प्रसिद्ध मां शायर देवी धाम के छठे वार्षिक महोत्सव के तीसरे दिन शनिवार की रात्रि में आजाद नवयुवक संघ छवआना टोला के स्थानीय कलाकारों ने बैरगिया नाला नाटक का मंचन कर समाज में व्याप्त नशाखोरी, मनचला (छेड़छाड़) और चोरी जैसी कुरीतियों पर करारा प्रहार कर बड़ा संदेश दिया गया। शिक्षक आशुतोष शर्मा के निर्देशन में युवा कलाकारों ने जहां नशा मुक्ति, महिला सुरक्षा और सामाजिक नैतिकता का संदेश दिया, वहीं समाज में सकारात्मक बदलाव लाने व लोगों को जिम्मेदार नागरिक बनने की सीख देते हुए नृत्य संगीत के माध्यम से दर्शकों को खूब मनोरंजन भी कराया।नाटक में एक शराबी पति की ओर से उसके परिवार में होने वाली अशांति एवं अव्यवस्थाओं को चित्रित करते हुए समाज में दिन प्रतिदिन फैल रही नशे की प्रवृत्ति की आदतों का चित्रण किया गया।

आजाद नवयुवक संघ ड्रामा पार्टी के संरक्षक मंडली में प्रेमचंद प्रसाद, मोतीचंद प्रसाद, रामेश्वर शर्मा, बलराम कृष्ण शर्मा, मंगल यादव, सुनील सिंह, रविंद्र प्रसाद वर्मा के संरक्षण में युवा कलाकार आशुतोष शर्मा, विष्णु कांत, अभय राम, नाथून राम, सूर्य प्रकाश, सुनील राम, नन्हू यादव, उपेंद्र शर्मा, अशोक राम, रमेश राम, सत्य प्रकाश ऋषि, दामोदर राम ने शानदार अभिनय किया।



