लगमा तालाब में नवनिर्मित सूर्य मंदिर का कार्य पूर्ण, 17 अप्रैल से सात दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ

महायज्ञ के दौरान प्रत्येक दिन नीरज भास्कर जी महाराज का संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा और भव्य भंडारा का होगा आयोजन : त्रिपुरारी पांडेय
मेराल । गढ़वा जिले के प्रसिद्ध श्री ब्रह्म बाबा की नगरी लगमा, पोटमा में पुराना बस स्टैंड के समीप बड़ा तालाब में नव निर्मित भव्य सूर्य मंदिर का कार्य अंतिम चरण में है। अब महायज्ञ समिति आगामी 17 अप्रैल को नव निर्मित दिव्य मंदिर में भगवान श्री सूर्यनारायण विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान की तैयारी में व्यापक रूप से जुट गई है। इस निमित्त समिति की बैठक में कार्यक्रम का रूपरेखा तैयार किया गया। जिसमें 17 अप्रैल दिन शुक्रवार की प्रातः में विशाल कलश शोभायात्रा, नगर प्रबोध भ्रमण, पंचांग पूजन, विभिन्न अधिवास एवं संध्या 6 बजे परम पूज्य संत श्री नीरज भास्कर जी महाराज के मुखारवृन्द से सात दिवसीय दिव्य संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ किया जाएगा। 20 अप्रैल दिन सोमवार को संन्यासी बाबा श्री कीनाराम द्वारा स्थापित शिव मंदिर में नन्दी स्थापना, 21 अप्रैल दिन मंगलवार को संगीतमय सुन्दरकाण्ड मानस पाठ (गढ़वा मानस मंडली द्वारा) 23 अप्रैल दिन गुरूवार को हवन, श्रृंगार आरती, यज्ञ पूर्णाहूति एवं कथा का विराम होगा। इसकी जानकारी देते हुए समिति के अध्यक्ष त्रिपुरारी पांडेय ने बताया कि उपरोक्त कार्यक्रम को लेकर तैयारी जोरों पर है। गांव-गांव में प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महायज्ञ में प्रतिदिन श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारा का आयोजन विभिन्न समितियों द्वारा किया जाएगा। बैठक में समिति के संयोजक अनंत प्रसाद, सचिव सुधीर तिवारी एवं ओमप्रकाश गुप्ता, कोषाध्यक्ष आशीष गुप्ता एवं संजय सोनी सहित उपस्थित दर्जनों सदस्यों में ज्ञान रंजन मिश्र, अजय विश्वकर्मा आदि के द्वारा कार्यक्रम की भव्यता के लिए अपना योगदान देने का संकल्प लिया।



