झामुमो के जिला सचिव सह गढ़वा सदर प्रखंड के कोरवाडीह मुखिया पर जानलेवा हमला, हाथ की टूटी उंगली
शरीफ अंसारी ने गांव के ही नामजद आरोपी पर बड़ा पत्थर से जानलेवा हमला करने का थाने में किया शिकायत

झामुमो के जिला अध्यक्ष शंभू राम ने अस्पताल पहुंच कर जाना हाल, जांच कर दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने का किया मांग
गढ़वा। झामुमो के गढ़वा जिला सचिव सह सदर प्रखंड के कोरवाडीह पंचायत के मुखिया शरीफ अंसारी पर शुक्रवार की दोपहर लगभग 3 बजे जानलेवा हमला किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। इस हमले में मुखिया शरीफ अंसारी घायल हो गए हैं। घटना की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि गांव के ही करामत अंसारी द्वारा उन पर हमला किया गया है। वह अपने घर से किसी जरूरी सामान के लिए बाहर निकले थे। इसी दौरान गांव के पास स्थित पुल के पास पहले से घात लगाकर बैठे करामत अंसारी ने बड़े पत्थर से उन पर हमला कर दिया। मुखिया ने बताया कि जब उन्होंने हमले से बचने की कोशिश की तो उनके हाथ में गंभीर चोट लग गई, जिससे हाथ की एक उंगली टूट गई। इसके बाद वे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे। इसी बीच उन्हें सूचना मिली कि उनके घर के पास भी हमलावरों द्वारा उनके भाई और भतीजे पर हमला किया गया है, जिसमें दोनों घायल हो गए हैं। दोनों का इलाज चल रहा है। शरीफ अंसारी ने बताया कि इससे पहले भी मेरे ऊपर जानलेवा हमला किया जा चुका है। शरीफ द्वारा पूरे मामले की जानकारी गढ़वा थाना पुलिस को देते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इधर घटना की सूचना मिलते ही पार्टी के जिलाध्यक्ष शंभू राम ने घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंचकर हाल जाना तथा घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यह बेहद निंदनीय घटना है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ जल्द से जल्द कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।



