रमजान का पवित्र महीना आज से शुरू

बाजारों और मुस्लिम बहुल इलाकों में बढ़ी रौनक, लोगों में उल्लास
बलराम शर्मा
गढ़वा । पवित्र माह रमजान आज 19 फ़रवरी से शुरू हो रहा है। इसके दस्तक के साथ ही बाजारों और मुस्लिम बहुल इलाकों में रौनक बढ़ गई है। इफ्तार और सेहरी की तैयारियों को लेकर लोगों ने खरीदारी तेज कर दी है। दुकानदारों ने भी इसके लिए पहले से तैयारी कर रखा है। रमजान में विशेष रूप से उपयोग की जाने वाली सामान दुकानों में सज गई हैं। इबादत के इस महीने को लेकर मस्जिदों में साफ-सफाई और सजावट का कार्य भी तेज हो गया है। लोग घरों में भी विशेष तैयारियां कर रहे हैं ताकि रमजान का महीना पूरे जोश और आस्था के साथ मनाया जा सके। त्योहार को लेकर कपड़ों की दुकानों और टेलरों के यहां भी खासा उत्साह है।कुर्ता-पायजामा, पठानी सूट और बच्चों के पारंपरिक परिधानों के लिए टेलरों के पास ऑर्डरों की भरमार है। कई टेलरों ने समय पर डिलीवरी के लिए अतिरिक्त कारीगर लगा दिए हैं। उधर रमजान की महीना को देखते हुए शहर के प्रमुख चौक चौराहों पर फलों का बाजार आम दिनों से ज्यादा सजा है। रमजान में इफ्तार को लेकर फल भी महंगे हो गए हैं। बता दें कि रमजान में ड्राई फ्रूट्स के साथ फल की भी मांग बढ़ जाती है।




